राजस्थान : गुर्जर आंदोलन ने बिगाड़ दिया सबका गणित, जानिए किसको-क्या हो रहा नुकसान?
karauli News, करौली। 5 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर गुर्जरों द्वारा किए जा रहे आंदोलन का सर्वाधिक असर करौली व हिंडौन सिटी में देखने को मिल रहा है। हिंडौन सिटी से ट्रेनों के संचालन बंद होने के बाद अब अधिकांश सड़क मार्ग पर जाम लगने से रोडवेज बसों व निजी वाहनों का संचालन बंद हो गया है, जिससे यात्रियों को तो परेशानी हो रही है। साथ ही आम जनजीवन काफी हद तक प्रभावित हो रहा है। वहीं रोडवेज व रेलवे को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

गुर्जर नेता कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के नेतृत्व में आरक्षण की मांग को लेकर 8 फरवरी को मलारना रेलवे ट्रैक के पास दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग को जाम किया हुआ है, जिससे हिंडौन सिटी रेलवे स्टेशन पर भी ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है। यात्रियों से भरे रहने वाले रेलवे स्टेशन पर सन्नाटा पसरा है। आवागमन नहीं होने से यात्रियों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे को करीब 5 लाख रुपए रोज के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है।

निजी वाहनों का भी आवागमन बंद
इसके अलावा 9 फरवरी से हिंडौन- करौली स्टेट हाईवे पर गुडला गांव के पास गुर्जर आंदोलनकारियों द्वारा जाम लगाने से रोडवेज सहित अन्य वाहनों का आवागमन बंद है। सोमवार से जयपुर -आगरा नेशनल हाईवे पर स्थित सिकंदरा के पास एवं हिंडौन- महवा स्टेट हाईवे पर स्थित गाजीपुर के पास गुर्जर आंदोलनकारियों द्वारा जाम लगाने के बाद से हिंडौन सिटी से जयपुर अलवर महवा दिल्ली सहित दर्जनों स्थानों पर के लिए रोडवेज एवं निजी वाहनों का आवागमन बंद हो गया है। जिससे भी लोगों को आने जाने में भारी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है।

रोडवेज को रोजाना 7-8 लाख का नुकसान
हिण्डौन आगार प्रबंधक बहादुर सिंह के अनुसार रोडवेज बसों का संचालन बंद होने से रोडवेज को करीब 7 से 8 लाख रुपए प्रतिदिन के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है। रोडवेज द्वारा एकमात्र हिंडौन- गंगापुर रूट पर ही बसों का संचालन किया जा रहा है। सड़क व रेल मार्ग पूरी तरह बंद होने से आम जनजीवन के साथ व्यापार भी काफी हद तक प्रभावित हुआ है। वाहनों का संचालन नहीं होने से आगामी दिनों में पेट्रोल और डीजल के साथ रसोई गैस की भी किल्लत होने की की आशंका बनी हुई है।

करौली में धारा 144 लागू
जिला कलेक्टर ने करौली जिले में धारा 144 लगाकर लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। वही अधिकारी कर्मचारियों के सभी अवकाश निरस्त कर दिए हैं। इसके अलावा जिला कलेक्टर ने गुर्जर नेता कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के आवास पर नोटिस चस्पा कर उन्हें हाई कोर्ट व सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की पालना करने की भी अपील की है। वहीं दूसरी ओर लोगों की मांग है कि सरकार जल्द ही मामले का हल निकाले जिससे आंदोलन समाप्त हो और आमजन को राहत मिले।












Click it and Unblock the Notifications