Honour Killing: इकलौते बेटे की लव मैरिज से भड़के ससुरालवाले, साले ने कर दी हत्या, जयपुर में युवक की ऑनर किलिंग
Honour Killing Jaipur Rajasthan: राजस्थान के जयपुर में प्रेम विवाह से नाराज़ साले ने दिनदहाड़े पत्थर से सिर कुचलकर जीजा की हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए मृतक गोविंद प्रजापत (27) के साले समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। गोविंद ने आरोपी युवक की बहन से प्रेम विवाह किया था, जिससे आरोपी नाराज़ था।
प्रेम विवाह से नाराज़ थे पायल के परिजन
जयपुर के जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस के अनुसार, गोविंद ने पायल सैनी से प्रेम विवाह किया था। पायल के परिजन इस रिश्ते से खुश नहीं थे और गोविंद को जान से मारने की धमकी भी दे चुके थे। 21 जून को सुबह करीब 10 बजे जब गोविंद काम पर जा रहा था, तभी पशु हटवाड़ा चौकी के पास पायल के परिवार के सदस्यों ने उस पर हमला कर दिया और पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। गंभीर हालत में गोविंद को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गोविंद के परिवार ने रिपोर्ट में हनुमान राम, अजय और अन्य पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गोविंद के पिता मनसुख ने बताया कि उनके इकलौते बेटे गोविंद ने डेढ़ साल पहले पायल सैनी से प्रेम विवाह किया था और उनकी दो माह की बेटी भी है। पायल का परिवार पहले दिन से गोविंद से बदला लेने की फिराक में था। मनसुख के अनुसार, "21 जून को इन लोगों ने मेरे बेटे पर लाठी और पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हम लोगों ने पुलिस थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई है। ये लोग इनकी लव मैरिज से नाराज थे।" घटना के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए।
घर और ससुराल में थी एक किलोमीटर की दूरी
जयसिंहपुरा खोर के पशु हटवाड़ा निवासी गोविंद पितालिया गांव में चाय की दुकान चलाता था। यहीं पर उसकी पहचान परसवाली ढाणी निवासी पायल सैनी से हुई। पायल पढ़ने के लिए आती-जाती थी। इस दौरान दोनों में जान-पहचान और दोस्ती हुई, जिसके बाद उन्होंने शादी करने का फैसला किया। परिजन तैयार नहीं थे, इसलिए दोनों ने कोर्ट में शादी कर ली। गोविंद पत्नी पायल के साथ परसवाली ढाणी के पास सप्तऋषि कॉलोनी में मकान बनाकर रह रहा था। गोविंद के घर और ससुराल में सिर्फ एक किलोमीटर की दूरी थी। पिछले लंबे समय से गोविंद जलेब चौक के पास चाय की दुकान चला रहा था।












Click it and Unblock the Notifications