Akriti Sutar : 'नौकरी छोड़ो बच्चा पैदा करो',आकृति को बेल्ट से मारता था पति? मां ने खोले 72 दिन की शादी के राज
Akriti Sutar Case: दिल्ली के लोधी कॉलोनी में 28 वर्षीय आकृति सुतार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, शादी के मात्र 72 दिनों बाद हुई आकृति की मौत को उसके घरवालों ने हत्या करार दिया है और इसका आरोप उसके पति और ससुराल वालों पर लगाया है। सोमवार को पुलिस ने मृतका के पति अरस्तू सिक्का को गिरफ्तार भी कर लिया है।
आकृति की मां ने दामाद पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और नौकरी छोड़ बच्चा पैदा करने के दबाव जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा है कि ' मुझे अरस्तू और उसके घरवालों को पहचानने में गलती हो गई और इसी कारण मेरी बेटी आज इस दुनिया में नहीं है।'

उन्होंने कहा कि 'शादी के पहले अरस्तू और आकृति में बहुत प्यार था लेकिन शादी होते ही अरस्तू के रंग-ढंग बदल गए। अरस्तू के पास काम नहीं था इसलिए वो मेरी बेटी को मानसिक और शारीरिक तौर पर परेशान करने लगा था, उनकी बेटी ने उन्हें बताया था कि वो उसे बेल्ट से मारता है।'
'नौकरी छोड़ो बच्चा पैदा करो', मां ने खोले राज
अनु की शिकायत के मुताबिक अरस्तू सिक्का और उसके घरवाले उनकी बेटी पर प्रेशर डाल रहे थे कि वो नौकरी छोड़ दे और बच्चा पैदा करे और घर से बाहर ना जाए। अगर ऑफिस में आकृति का फोन स्विच ऑफ हो जाता था कि उसका पति उसे जानवरों की तरह पीटता था। शादी के मात्र 72 दिनों के अंदर उनके घर में कलह शुरू हो गई थी।
मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेल रही थी आकृति
मृतका की मां अनु की शिकायत के अनुसार, शादी के तुरंत बाद से ही पति अरस्तू चाहता था कि आकृति घर पर रहे और घर की जिम्मेदारी उठाए। जब आकृति ने अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों का हवाला देकर नौकरी छोड़ने से मना किया, तो उसके साथ मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सिलसिला शुरू हो गया।
हमारे परिवार की आर्थिक रीढ़ थी आकृति: मां अनु
मां अनु ने कहा है कि 'आकृति छतरपुर की एक निजी कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के रूप में काम करती थी। वही हमारे परिवार की आर्थिक रीढ़ थी, क्योंकि पिता की मृत्यु के बाद मेरी और छोटे भाई की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी।'

'मां को पैसे क्यों भेजती है', आकृति से ससुराल वाले करते थे सवाल
'शादी से पहले आकृति ने स्पष्ट कर दिया था कि वह अपनी नौकरी जारी रखेगी ताकि मायके की मदद कर सके, जिस पर ससुराल वालों ने पहले सहमति दी थी, लेकिन शादी के तुरंत बाद उनके सुर बदल गए और कहने लगे कि वो अपनी मां को पैसे क्यों भेजती है।'
आकृति और अरस्तू की शादी प्रेम विवाह थी
आपको बता दें कि ये शादी प्रेम विवाह थी, दरअसल आकृति की स्कूल फ्रेंड है अगुस्तिका, जिसका भाई है अरस्तू सिक्का, आकृति का अक्सर अगुस्तिका के घर आना-जाना होता था, जहां उसकी दोस्ती अरस्तू से हुई और फिर दोनों में मोहब्बत हो गई, दोनों करीब 8 साल से एक-दूसरे को जानते थे और पिछले 2 साल से रिलेशनशिप में थे। दोनों की फैमिली को इस रिश्ते से कोई आपत्ति नहीं थी इसलिए उन्होंने इसी साल 24 अप्रैल को उनकी शादी कर दी लेकिन शादी के बाद हालात बदल गए।
4 जुलाई को आकृति सुतार की डेडबॉडी लोधी कॉलोनी में मिली
मालूम हो कि 4 जुलाई को आकृति सुतार लोधी कॉलोनी के पालिका कुंज स्थित एनडीएमसी फ्लैट्स की इमारत से नीचे गिरी हुई पाई गई थी। उसे तुरंत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गौर करने वाली बात ये है कि आकृति सुतार पुष्प विहार कालोनी में रहती थी और उसका शव लोधी कॉलोनी के पास मिला जो कि पुष्प विहार से 10 किमी दूर है, अब आकृति सुतार वहां कैसे पहुंची? ये एक बड़ा सवाल है, जिसका सवाल पुलिस खोज रही है।

नौकरी छोड़ने का दबाव, मारपीट और चरित्र पर शक
आकृति की मां ने बताया कि '17 जून को आकृति ने रोते हुए फोन किया था। उसने बताया कि फोन साइलेंट होने के कारण वह अरस्तू का कॉल नहीं उठा पाई थी, जिससे नाराज होकर अरस्तू ने उसे बेल्ट से बेरहमी से पीटा था। इतना ही नहीं, अरस्तू उस पर चरित्रहीनता और अवैध संबंधों के झूठे आरोप भी लगाता था।'
72 दिन की शादी में दो बार बुरी तरह से आकृति को अरस्तू ने पीटा
'इसके बाद 29 जून को मामूली बात पर अरस्तू ने आकृति के साथ दोबारा मारपीट की। परेशान होकर वह देवली अपनी ननद के घर चली गई, लेकिन वहां भी दोनों को समझौता कराकर उसे वापस भेज दिया गया। आकृति ने अपनी मां से अपनी जान का खतरा भी जताया था और कहा था कि उसका पति उसकी हत्या कर सकता है।'
'20 लाख रुपये की मांग कर रहे थे अरस्तू के घरवाले'
आकृति के मामा मननजय सुतार और मां ने मीडिया को बताया कि 'उन्होंने पूरी हैसियत लगाकर शादी में लगभग 7 से 8 लाख रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद, ससुराल पक्ष की ओर से शादी के तुरंत बाद से 20 लाख रुपये अतिरिक्त कैश की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी को परेशान किया जा रहा था, हमने अगर उसकी बात सुन ली होती तो शायद हमारी बच्ची जीवित होती।'
मौत वाले दिन क्या हुआ?
4 जुलाई की सुबह आकृति ने मां को बताया था कि वह काम पर जा रही है, जिसके बाद उसका फोन बंद हो गया। रात में अरस्तू ने उन्हें फोन किया और बोला कि अपनी बेटी को कहां छिपाकर रखा है? जिस पर उसकी मां और भाई घबरा गए।
पति अरस्तू सिक्का को गिरफ्तार, सास ने लगाए गंभीर आरोप
देर रात लोधी कॉलोनी थाने की पुलिस ने मायके वालों को फोन कर थाने बुलाया और आकृति की मौत की सूचना दी, जिससे परिवार स्तब्ध रह गया, जिसके बाद आकृति के घरवालों ने अरस्तू पर दहेज और शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी पति गिरफ्तार कर लिया है।














Click it and Unblock the Notifications