दिल्ली में 70 लाख पौधे लगाने का अभियान, अमित शाह करेंगे लॉन्च, CM रेखा बोलीं- अब समय है हवा बदलने का
Delhi tree plantation drive on July 7: दिल्ली में प्रदूषण और हरियाली बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा अभियान शुरू होने जा रहा है। 7 जुलाई को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह राजधानी में 70 लाख पौधारोपण महाअभियान की शुरुआत करेंगे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि अब वक्त आ गया है कि वायु प्रदूषण को शहर की मजबूरी मानना बंद किया जाए।
सरकार चाहती है कि यह अभियान सिर्फ सरकारी कार्यक्रम न रहकर लोगों का जनआंदोलन बने। इसी सोच के साथ दिल्ली सरकार ने ग्रीन ड्राइव पोर्टल भी शुरू किया है, जहां से कोई भी नागरिक इस अभियान का हिस्सा बन सकता है।

70 Lakh Plantation Drive: क्या है दिल्ली सरकार का बड़ा प्लान?
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि चुनाव के दौरान दिल्ली में 70 लाख पौधे लगाने का वादा किया गया था और अब उसे पूरा करने का समय आ गया है। इस अभियान का मकसद सिर्फ पौधे लगाना नहीं, बल्कि राजधानी की ग्रीन कवर बढ़ाकर प्रदूषण को कम करना भी है। 7 जुलाई को शुरू होने वाले इस महाअभियान में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मौजूद रहेंगे।
रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार ने इलेक्ट्रिक व्हीकल नीति लागू करने, कूड़े के पहाड़ कम करने और हरियाली बढ़ाने जैसे कई कदम उठाए हैं। अब 70 लाख पौधे लगाने का अभियान इन कोशिशों को और मजबूत करेगा।
Green Drive Portal: आम लोग कैसे बन सकते हैं इस मिशन का हिस्सा?
दिल्ली सरकार ने इस अभियान के लिए ग्रीन ड्राइव पोर्टल https://greendrive.delhivanmahotsav.in लॉन्च किया है। इस पोर्टल पर जाकर लोग अपनी पसंद की जगह और समय चुनकर पौधारोपण स्लॉट बुक कर सकते हैं। इसके अलावा सरकारी नर्सरी से मुफ्त पौधे भी लिए जा सकेंगे।
अगर कोई आरडब्ल्यूए, हाउसिंग सोसाइटी, कॉलोनी या संस्थान सामूहिक पौधारोपण करना चाहता है तो पोर्टल के जरिए 'वृक्ष रथ' भी बुलाया जा सकता है। यह टीम मौके पर पहुंचकर पौधारोपण अभियान में सहयोग करेगी। नागरिक खुद को 'दिल्ली ग्रीन वॉरियर' के तौर पर भी रजिस्टर कर सकते हैं, ताकि भविष्य में सरकार के पर्यावरण अभियानों में उन्हें शामिल किया जा सके।
सिर्फ पौधे नहीं, 300 नई इलेक्ट्रिक बसें भी मिलेंगी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "कब तक हम वायु प्रदूषण को दिल्ली की मजबूरी मानते रहेंगे? अब समय है हवा बदलने का। आइए, मिशन मोड में आगे बढ़ते हैं और दिल्ली को ग्रीन बनाते हैं।"
उन्होंने बताया कि 7 जुलाई को 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण की शुरुआत होगी। इसी कार्यक्रम में 300 नई इलेक्ट्रिक बसों को भी जनता को समर्पित किया जाएगा। इसके साथ पर्यावरण संरक्षण और जनहित से जुड़े कई विकास कार्यों का भी उद्घाटन होगा।












Click it and Unblock the Notifications