पायलट खेमे के खिलाफ मंगलवार तक कोई एक्शन नहीं ले सकते स्पीकर, राजस्थान हाईकोर्ट ने दिया आदेश
नई दिल्ली: राजस्थान में पिछले एक हफ्ते से सियासी ड्रामा जारी है। इस बीच कांग्रेस हाईकमान ने सचिन पायलट को डिप्टी सीएम और पीसीसी चीफ पद से बर्खास्त कर दिया। इसके साथ ही विधानसभा अध्यक्ष ने पायलट और 18 बागी विधायकों को अयोग्यता का नोटिस थमा दिया। साथ ही उनसे तीन दिन के अंदर जवाब देने को कहा गया था। जिस पर पायलट खेमे ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया और आज मामले की सुनवाई हुई।

मामले में शुक्रवार को वक्त की कमी के चलते बाकी की बहस सोमवार को होगी। इस दौरान कोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष को साफ तौर पर आदेश दिया है कि मंगलवार शाम 5.30 बजे तक वो विधायकों की योग्यता रद्द करने संबंधित मामले पर कोई फैसला न लें। कांग्रेस का आरोप है कि उनके अपने ही विधायक जनता द्वारा चुनी गई सरकार को गिराना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने पार्टी के व्हिप को भी मानने से इनकार कर दिया।
ऑडियो मामले में भी शुरू हुई जांच
सियासी घमासान के बीच गुरुवार को दो ऑडियो भी वायरल हुए थे। कांग्रेस का दावा है कि बीजेपी गहलोत सरकार को गिराने की साजिश रच रही है। जिसका सबूत ऑडियो में है। इसके बाद कांग्रेस की शिकायत पर एसओजी ने दो एफआईआर दर्ज की है। जिसमें केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का भी नाम शामिल है। बीजेपी के मुताबिक कांग्रेस अपनी असफलता छिपाने के लिए बीजेपी नेताओं को बदनाम कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications