दूल्हे का साफा पसंद नहीं आने पर पंच-पटेलों ने समाज से निकाला, दुल्हन भी नहीं जा सकेगी पीहर
राजस्थान के पाली निवासी इंजीनियर अमृत सुथार ने पूजा से अप्रैल 2023 शादी की थी। पंच-पटेलों के अमृत के साफे की वजह से उसकी पत्नी को मायके जाने से भी रोका।
राजस्थान में शादी के बाद एक परिवार को समाज से बेदखल कर दिया गया। वजह सिर्फ इतनी है कि दूल्हे ने शादी में अपनी पसंद का साफा बांधा और दाढी मूंछ रख ली।
दूल्हे के साफा और दाढी मूंछ की वजह समाज के पंच-पटेलों ने उनके परिवार को समाज से बाहर कर दिया। फरमान तो ये भी है कि दुल्हन भी अपने मायके नहीं जा सकेगी और दूल्हे की बहन रक्षाबंधन पर अपने भाई के राखी बांधने उसके घर नहीं आ सकेगी।

वन इंडिया हिंदी से बातचीत में दूल्हे अमृत सुथार ने पूरा मामला विस्तार से बताया कि उनके समाज ने शादी में कैसे-कैसे नियम बना रखे हैं। आज के जमाने की पीढ़ी नियम तोड़ देती है तो 'सजा' पूरे परिवार को भुगतनी पड़ती है। पुलिस भी इन मामलों में पीड़ित परिवार की मदद नहीं कर रही है।
अमृत सुथार ने बताया कि वे मूलरूप से राजस्थान के पाली जिले के गांव पंचौड़ी के रहने वाले हैं। वर्तमान में बतौर मैकेनिकल इंजीनियर पुणे में जॉब करते हैं। पुणे में ही पाली के बाली निवासी पूजा भी आईटी कंपनी में इंजीनियर है। दोनों ने 22 अप्रैल में शादी की थी।
अमृत सुथार व पूजा की शादी सामाजिक रीति रिवाज से हुई। शादी में अमृत सुथार ने शेरवानी के रंग से मिलता-जुलता सफेद रंग का साफा पहना और दाढ़ी मूंछ रखी। शादी में समाज के लोग बड़ी संख्या में आए थे, मगर शादी के 15 दिन बाद समाज ने अमृत सुथार के साफे पर आपत्ति जताई।

समाज के लोगों ने कहा कि अमृत सुथार को सफेद की बजाय केसरिया साफा पहनना चाहिए था और दाढ़ी मूंछ नहीं रखनी चाहिए थी। इस पर समाज के लोगों ने पहले तो अमृत सुथार के परिवार मौखिक रूप से माफी मांगने को कहा। फिर 7 जून को श्री विश्वकर्मा मंदिर बारवा में बैठक की और 19 जून को होने वाली आगामी बैठक में बुलाया।
19 जून को बैठक में जाने से पहले ही 13 जून को अमृत सुथार ने पाली पुलिस अधीक्षक से पंट पटेलों के खिलाफ शिकायत कर दी, जिस पर बाली पुलिस ने पंच-पटेलों को दो दिन तक हिरासत में रखा। समाज का मामला पुलिस थाने तक पहुंचने के बाद पंच-पटेलों ने सख्ती दिखाई और अमृत सुथार के परिवार को समाज से बाहर कर दिया।
अमृत सुथार के अनुसार समाज से बाहर करने का मतलब है कि उसके घर पर कोई भी आयोजन होने पर समाज का अन्य कोई परिवार नहीं आएगा। साथ ही पंच पटेलों ने यह भी शर्त लगा दी कि अगर अमृत सुथार की पत्नी अपने पीहर जाती या अमृत सुथार की बहन उसके घर राखी बांधने आती है तो पत्नी के मायके और बहन के ससुराल पक्ष को भी समाज से बाहर कर देंगे।












Click it and Unblock the Notifications