राजस्थान में वसुंधरा राजे के बयानों से बढ़ा सियासी तापमान, सपोर्ट में उतरी भाजपा
Vasundhara Raje News: राजस्थान की राजनीति में एक बार फिर हलचल मच गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे के ट्वीट्स ने जल संकट को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाते हुए नई बहस को जन्म दे दिया है।
झालावाड़ के जल संकट पर जलदाय विभाग को फटकार लगाने और खर्च किए गए बजट का हिसाब मांगने वाले उनके बयानों पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी, लेकिन भाजपा अब खुलकर राजे के समर्थन में सामने आ गई है।

मदन राठौड़ का पलटवार: "ये भाजपा का पारिवारिक मामला"
भीलवाड़ा के मांडलगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने वसुंधरा राजे के समर्थन में खुलकर बयान दिया। उन्होंने कहा, "वसुंधरा जी पार्टी की वरिष्ठ नेता हैं। अगर उन्होंने अधिकारियों से जवाब मांगा है, तो इसमें गलत क्या है? यह हमारा पारिवारिक मामला है, विपक्ष को बेवजह की राजनीति नहीं करनी चाहिए।"
राठौड़ ने साफ कर दिया कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को अफसरशाही की लापरवाही की भेंट नहीं चढ़ने देगी और पार्टी में मतभेद जैसी कोई स्थिति नहीं बनने दी जाएगी।
"जनता की आवाज़ बनीं वसुंधरा"
राठौड़ ने यह भी बताया कि जिस क्षेत्र का जिक्र वसुंधरा राजे ने किया है, वहां पानी की गंभीर समस्या है। ऐसे में यदि कोई जिम्मेदार नेता प्रशासन से जवाबदेही मांगता है, तो यह जनता की भावना का प्रतिनिधित्व है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि "अगर कांग्रेस के नेता भी इस तरह जनता के लिए आवाज़ उठाएं, तो राजनीति में सकारात्मक बदलाव आ सकता है। लेकिन वे तो सिर्फ राजनीति करने में व्यस्त हैं।"
पार्टी के अन्य नेता भी समर्थन में
कार्यक्रम में मौजूद भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा और पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी ने भी अप्रत्यक्ष रूप से वसुंधरा राजे के रुख का समर्थन किया। इससे यह संकेत मिल रहे हैं कि भाजपा आलाकमान पार्टी में एकजुटता का संदेश देना चाहता है और राजे के अनुभव को अहमियत दी जा रही है।
जयपुर बुलडोजर कार्रवाई पर भी दी सफाई
जयपुर में हाल में हुए बुलडोजर एक्शन पर बोलते हुए राठौड़ ने कहा कि "यह प्रशासनिक भूल नहीं, बल्कि समझ का अंतर था। हाई कोर्ट के आदेश पर सड़क चौड़ीकरण किया जा रहा था, लेकिन माप की शुरुआत को लेकर भ्रम हो गया। हालांकि प्रशासन ने तुरंत स्थिति को संभाल लिया।"
यह भी पढ़ें- मैडम को क्यों आया गुस्सा? पूर्व CM वसुंधरा राजे के झालावाड़ में क्या पंगा हो गया? बात दिल्ली तक पहुंच गई












Click it and Unblock the Notifications