Rajasthan Flood : झालावाड़ के खानपुर में 350 एमएम बारिश, बाढ़ में डूबे दर्जनों गांव, देखें वीडियो
झालावाड़, 6 अगस्त। राजस्थान में इन दिनों कई जगहों पर आसमान से पानी आफत बरस रहा है। शुक्रवार को सबसे विकट हालात झालावाड़ जिले के रहे हैं। झालावाड़ में नदी-नाले उफान के साथ-साथ अब बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। यहां बरसाती पानी ने सर्वाधिक तबाही खानपुर उपखंड में मचाई है। खानपुर में बीते 36 घंटे में 350 एमएम पानी बरसा है।
Recommended Video

झालावाड़ कलेक्टर बोले-स्थिति नियंत्रण में है
वन इंडिया हिंदी से बातचीत में झालावाड़ जिला कलेक्टर हरिमोहन मीणा ने बताया कि शुक्रवार रात दस बजे तक स्थिति नियंत्रण में है। हालांकि खानपुर के कई गांवों में अभी भी लोग बरसाती पानी में फंसे हुए हैं, जिसने भोजन पहुंचाया गया है। एसडीआरएफ की तीन टीमें लगी हुई हैं।
पुलिस थाना व स्कूल भी डूबे
झालावाड़ डीएम हरिमोहन मीणा के अनुसार खानपुर स्कूल व पुलिस थाना तक डूब गया है। एसडीआरएफ व सिविल डिफेंस की टीमें लोगों को रेस्क्यू कर रही हैं। पूरे खानपुर ब्लॉक में अभी भी दो से चार फीट तक पानी भरा हुआ है।

कहां कितनी बारिश?
खानपुर-350 एमएम
मनोहर थाना 125 एमएम
अकलेरा 112 एमएम
सनावर 166 एमएम

खानपुर में रूपली नदी के पानी से बाढ़
झालावाड़ जिले में परवन, चंवली, कालीसिंह, उजाड़ और रूपली नदियों में पानी की जोरदार आवक हुई है। रूपली नदी का पानी खानपुर के कई गांवों में प्रवेश कर गया है। सबसे ज्यादा गांव लदानिया प्रभावित हुआ है।
एसडीआरएफ टीम ने 12 लोगों को बचाया
खानपुर के गांव लदानिया के घरों में आठ से दस फीट पानी भर गया है। दर्जनों लोग बाढ़ के पानी में फंस गए। झालावाड़ से एसडीआरएफ की तीन टीमों को खानपुर भेजा गया है। एसडीआरएफ टीमों ने शाम तक 12 लोगों को पानी से सुरक्षित बाहर निकाला है।

बरसाती पानी में फंसे श्रद्धालु
खबर है कि चांदखेड़ी नसियां जी भी जलमग्न हो गए हैं। यहां श्रद्धालु फंस गए। आलम यह था कि पार्किंग स्थल में खड़ी कार पानी में डूब गईं। उनकी सिर्फ छत नजर आ रही थी। करंट फैलने के डर से खानपुर में अधिकांश इलाकों की बिजली काट दी गई।
पहले नदी उफान पर अब बाढ़
खानपुर में जोरदार बारिश के चलते गुरुवार को रूपली नदी उफान पर रहीं। लोगों ने जैसे तैसे करके रात काटी, मगर तड़के फिर से जोरदार बारिश शुरू हो गई। उसके बाद हालात बेकाबू हो गए। देखते ही देखते यहां बाढ़ गई।

50 गांवों से सम्पर्क कटा
मीडिया की खबरों के मुताबिक खानपुर उपखंड क्षेत्र में नौ घंटे तक लगातार बारिश हुई है। जिलेभर में 50 गांवों से सम्पर्क टूट गया है। मोबाइल टावर तक दस-दस फीट पानी में डूब गए हैं। ऐसे में मोबाइल सेवाएं भी प्रभावित हो गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications