Nagaur : कोरोना वायरस का नहीं था कोई भी लक्षण, फिर भी 19 वर्षीय युवती समेत 5 मरीज निकले पॉजिटिव
नागौर। राजस्थान में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। 13 अप्रैल को सुबह नौ बजे जारी स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक पूरे प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 815 तक पहुंच गया है। अकेले राजधानी जयपुर में 341 केस सामने आ चुके हैं।

मुम्बई आए शख्स ने फैलाया कोरोना
कोरोना वायरस को कुछ लोग अब भी गंभीरता से नहीं ले रहे हैं जबकि राजस्थान के नागौर जिले के बासनी क्षेत्र में पांच ऐसे केस सामने आए है, जिनमें संक्रमित लोगों में कोई लक्षण नजर नहीं आए थे, मगर वे जांच किए जाने पर कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। यहां पूर्व में मुम्बई से लौटे एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिल चुका है। अब आए सभी पांचों लोग उसी व्यक्ति के सम्पर्क में आकर संक्रमित हुए हैं।

फिर से करेंगे डोर टू डोर सर्वे
नागौर जिला कलेक्टर दिनेश कुमार यादव ने बताया कि नागौर जिलेभर से 51 सेम्पल जांच के लिए भेजे गए थे, जिनमें नागौर जिला मुख्यालय से 17, डीडवाना से 24, लाडनू से 15 और कुचामन से आठ सेम्पल लिए गए थे।अब उन्हीं में से पांच लोगों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसके बाद डोर टू डोर सर्वे फिर से किया जाएगा।

सभी मरीज जयपुर रैफर
नागौर सीएमएचओ सुकुमार कश्यप ने इस बात पर चिंता जताई कि जिन 5 लोगों रिपोर्ट आज पॉजिटिव आई है। उनमें किसी तरह के लक्षण नहीं थे। उनके सेम्पल सिर्फ पूर्व में मिले पॉजिटिव व्यक्ति के सम्पर्क के आधार पर लिए गए थे। पॉजिटिव रिपोर्ट वाले सभी मरीजों का जयपुर में इलाज किया जा रहा है।

दोस्त, मेडिकल स्टोर संचालक पॉजिटिव
बता दें कि नागौर के बासनी का 55 वर्षीय व्यक्ति 17 मार्च को मुम्बई से घर आया था। 4 अप्रैल को उसके खांसी-जुकाम की दिक्कत हुई। जांच करवाने पर पांच अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। फिर नागौर प्रशासन ने उस व्यक्ति के सम्पर्क वाले लोगों की स्क्रीनिंग की तो दो उसके दोस्त, एक मेडिकल स्टोर संचालक और मेडिकल स्टोर पर दवा लेने आई 19 वर्षीय एक युवती समेत कुल लोग पॉजिटिव पाए गए।












Click it and Unblock the Notifications