Rajasthan Accident: राजस्थान के चूरू में पांच बारातियों की मौत, एक ही गांव से उठी चार अर्थी
चूरू जिले के सरदारशहर में रात 11 बजे बोलेरो और ट्रक की टक्कर में 5 लोगों की मौत हो गई। ये सभी बारात से लौट रहे थे।
राजस्थान के चूरू जिले के सरदारशहर पुलिस थाना इलाके में मेगा हाईवे पर गांव भादासर-बैजासर के बीच बोलेरो और ट्रक के बीच आमने सामने की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई।

मीडिया से बातचीत में सरदारशहर एसएचओ मदनलाल बिश्नोई ने बताया कि मरने वालों की शिनाख्त गांव दुलरासर निवासी मुरलीधर पारीक (55) पुत्र परसराम पारीक, नोपाराम पारीक पुत्र मालाराम पारीक, मदनलाल पारीक पुत्र हरुराम पारीक, भोम सिंह पुत्र मेजर सिंह है। एक मरने वाला यूपी का रहने वाला था।
जानकारी के अनुसार ललित पुत्र श्यामलाल पारीक की बारात बीकानेर जिले के डूंगरगढ़ तहसील में गई थी। ये लोग बोलेरो में सवार होकर घर लौट रहे थे। रास्ते में एक्सीडेंट हो गया। बोलेरो व ट्रक की इस टक्कर में तीन लोगों ने मौके पर दम तोड़ दिया। छह घायलों को आस-पास के लोगों ने अपने वाहनों से सरदारशहर के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया।
गंभीर रूप से घायलों हुए छह लोगों को प्राथमिक उपचार देकर बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में रैफर किया गया। रास्ते में तबीयत बिगड़ने पर दो घायलों को डूंगरगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया था। इनमें से दो अन्य ने भी दम तोड़ दिया। पांच मरने वालों में से चार तो दूल्हे के गांव के ही रहने वाले थे।












Click it and Unblock the Notifications