राजस्थान: धौलपुर की सब्जी मंडी में भीषण आग, 12 से ज्यादा दुकानें जलकर खाक
नई दिल्ली, 17 जुलाई: राजस्थान के धौलपुर में शनिवार रात बड़ा हादसा हुआ, जहां सब्जी मंडी में भीषण आग लग गई। घटना के तुरंत बाद दमकल विभाग की कई गाड़ियां पहुंचीं, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। फिलहाल अभी तक इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। साथ ही आसपास की दुकानों को भी खाली करवा लिया गया। पुलिस हादसे की वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

जानकारी के मुताबिक शनिवार रात को सभी दुकानदार निहालगंज थाना क्षेत्र में पड़ने वाली मंडी में अपनी दुकानें बंद करके चले गए थे। तभी वहां पर धुंआ नजर आया, जब तक कोई कुछ समझता, आग ने विकराल रूप ले लिया। आनन-फानन में दमकल विभाग को बुलाया गया, जो आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। रात के वक्त मंडी खाली रहती है, इस वजह से कोई घायल नहीं हुआ। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
लकड़ी की वजह से फैली आग
आमतौर पर सब्जी मंडियों में लकड़ी के ढांचे का काफी इस्तेमाल होता है। साथ ही दुकानों में बोरे, लकड़ी के तख्त आदि रख रहते हैं। इस वजह से मंडी में आग काफी तेजी से फैली और देखते ही देखते 12 से ज्यादा दुकानों को चपेट में ले लिया। फिलहाल अधिकारी वहां पर हुए नुकसान का भी आंकलन कर रहे हैं।
जोधपुर में हुआ था बड़ा हादसा
आपको बता दें कि हफ्तेभर पहले जोधपुर जिले में एक बड़ा हादसा हुआ था, जहां शेरगढ़ थाना इलाके में दो ट्रेलर की भिड़ंत हुई। इसके बाद उसमें भयानक आग लग गई। जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा गाड़ियां भी पूरी तरह से तबाह हो गई थीं।












Click it and Unblock the Notifications