Rajasthan News: नवलगढ़ विधायक समेत 12 के खिलाफ केस दर्ज, भाजपा नेता पर हुआ था हमला
Nawalgarh Seat Result 2023: राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में मतदान के दिन हमले को लेकर झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ विधायक व कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. राजकुमार शर्मा समेत 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।
गांव परसरामपुरा की चारण की ढाणी निवासी भाजपा नेता ओमेंद्र सिंह चारण के बेटे विवेक चारण ने गोठड़ा पुलिस थाने में रिपोर्ट दी कि शनिवार 25 तारीख को विधानसभा चुनावों में मतदान चल रहा था। उस समय उसके पिता कार्यकर्ताओं के साथ जनसंपर्क कर रहे थे। सूचना आई कि राजकुमार शर्मा ने उनके कार्यकर्ता विजेंद्र पुत्र दयाराम जाति जाट को घर में घुसकर मारपीट की।

आरोप है कि ओमेंद्र चारण अपने कार्यकर्ताओं को साथ लेकर घायल विजेंद्र को उसके घर लेकर जा रहे थे। रास्ते में कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार शर्मा ने उनकी गाड़ियों को घेर लिया। राजकुमार शर्मा ने ओमेंद्र चारण की गाड़ी के सामने अपनी गाड़ी लगा दी।
फिर राजकुमार शर्मा व उनके साथी यश कूलवाल जयपुर, सहीराम बिश्नोई बिलाड़ा जोधपुर, प्रहलाद फोजी खूड सीकर, संदीप शर्मा बीकानेर, गंगाराम मीणा दौसा, शशिराज कार्तिकेय जयपुरण्, सुरेश गुर्जर गुर्जरों , अनवर व दिलीप सांई निवासी परसरामपुरा, चारू बिश्नोई जोधपुर, पवित्र विश्नोई धोलासर आदि ने ओमेंद्र पर लोहे के रॉड व लोहे के पाइप से हमला कर दिया।
अमर उजाला की रिपोर्ट के अनुसार नवलग्ढ़ विधायक राजकुमार शर्मा पर यह भी आरोप लगाया गया है कि उन्होंने अपने लोगों से यह भी कहा कि ओमेन्द्र ने हमें चुनाव में बहुत नुकसान किया है। इसको जिंदा नहीं छोड़ना है। यह कहते हुए ओमेन्द्र पर राजकुमार शर्मा व उनके साथियों ने जानलेवा हमला कर दिया।
नुकीले हथियार से सिर पर वार किया जिससे ओमेन्द्र सिंह चारण का सिर फट गया। ओमेन्द्र सिंह चारण को राजू खेदड़ ने उठाकर परसरामपुरा के राजकीय अस्पताल पहुंचाया। तबीयत बिगड़ने पर नवलगढ़ रैफर किया। वर्तमान में ओमेन्द्र सिंह चारण का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
उल्लेखनीय है कि नवलगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 में बदराना जोहड़ भी मुद्दा बना रहा। ओमेन्द्र सिंह चारण ने पिछले वर्ष बदराना जोहड़ बचाने का आंदोलन चलाया तो राजकुमार शर्मा ने उनको कथित तौर पर धमकाया कि चुपचाप बैठ जाओ वरना काफी भयंकर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।












Click it and Unblock the Notifications