शराब की दुकान में बकरी के कदम रखते ही मच गया बवाल, कई लोग हो गए घायल
Jhunjhunu news, झुंझुनूं. शराब की दुकान में बकरी घुसने की बात पर शुरू हुआ झगड़ा मारपीट में बदल गया। घटना में 4-5 लोग घायल हो गए। इनमें से दो जनों को जयपुर रैफर कर दिया गया जबकि एक महिला झुंझुनूं के राजकीय बीडीके अस्पताल में भर्ती है।

घटना झुंझुनूं जिला मुख्यालय के पास स्थित पुरा की ढाणी की सोमवार दोपहर की है। इसके बाद शराब माफियाओं द्वारा मारपीट की नामजद शिकायत ग्रामीणों ने सदर थाने में की, लेकिन 24 घंटे बाद भी आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को झुंझुनूं कलेक्ट्रेट पर एकत्र होकर प्रदर्शन किया।
सरपंच रेखा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस के खिलाफ नारे लगाए। एसडीएम अलका विश्नोई व सिटी डीएसपी ममता सारस्वत ने ग्रामीणों से समझाइश की, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। बाद में सरपंच रेखा ने ग्रामीणों की ओर से सिटी डीएसपी ममता सारस्वत को ज्ञापन दिया। एसडीएम विश्नोई ने ग्रामीणों को दो दिन में कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस पर ग्रामीण वापस लौट गए।

घायल ने बयां की पूरी कहानी
मारपीट में घायल अब्बास ने बताया कि कल दोपहर उनकी बकरी शराब की दुकान में घुस गई थी। उसकी मां जब बकरी को लेने गई तो शराब की दुकान वालों ने दुर्व्यवहार करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए। घटना की जानकारी मिलने पर अब्बास और उसके पिता जब मौके पर पहुंचे तो अब्बास की मां को दुकान के अंदर की ओर घसीट रहे थे। बाप-बेटे ने उसे छुड़ाने का प्रयास किया तो उन्होंने उन दोनों के साथ भी मारपीट की।
इसी दौरान वहां काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने दबंगई दिखाते हुए ग्रामीणों के साथ भी मारपीट की। घटना में गंभीर घायल दो लोगों को रैफर कर दिया गया। घायल मां बेटे को राजकीय बीडीके अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अब्बास को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। ग्रामीणों ने उनके खिलाफ सदर थाने में नामजद शिकायत भी दी थी। इस मामले में सीटी डीएसपी ममता सारस्वत ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications