धौलपुर कॉलेज संचालक को रिश्वत लेते पकड़ा, अटेंडेंस बढ़ाने के लिए छात्र से मांगे थे 25 हजार रुपए
धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले के सरमथुरा थाना इलाके के आंगई कस्बे में एसीबी की टीम ने निजी कॉलेज जगदीश महाविद्यालय पर छापामार कार्रवाई कर कॉलेज संचालक को 25 हजार की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।आरोपी कॉलेज संचालक ने बीएड द्वितीय वर्ष के छात्र से 75 प्रतिशत हाजिरी बढ़ाने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। एसीबी ने मामले में कॉलेज संचालक प्रमोद शर्मा को गिरफ्तार किया है।

एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश मीणा ने बताया कि 28 अप्रैल को फरियादी 25 वर्षीय सुशील कुमार जस्साराम जाट निवासी गांव रामपोलाई ने एसीबी कार्यालय पर शिकायत दर्ज कराई थी कि आंगई कस्बे में संचालित जगदीश महाविद्यालय के संचालक 37 वर्षीय प्रमोद कुमार शर्मा ने बीएड द्वितीय वर्ष परीक्षा में शामिल होने के लिए 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
कॉलेज संचालक ने 75 प्रतिशत हाजिरी बढ़ाने का आश्वासन देकर रिश्वत की मांग रखी थी। शिकायत के बाद एसीबी की टीम ने मामले का गुप्त तरीके से भौतिक सत्यापन कराया, जिसमें मामला सही पाया गया। एसीबी की टीम ने आरोपित कॉलेज संचालक को रंगे हाथों गिरफ्तार करने के लिए जाल बिछाया और संचालक को घेराबंदी कर दबोच लिया। आरोपी ने ली हुई रिश्वत महाविद्यालय के गेट के पास ईटों के नीचे छुपा कर रखी थी। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications