Bechari Madam: राजस्थान में ‘बेचारी मैडम' पर सियासी बवाल, डिप्टी CM दीया कुमारी vs MLA आमीन कागजी
Diya Kumari on Bechari Madam: राजस्थान में इन दिनों 'बेचारी मैडम' पर सियासत गरमाई हुई है। डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने वीडियो जारी कर कांग्रेस नेता पर पलटवार किया है। दीया कुमारी ने कहा कि 'इनकी सोच है कि महिला को सिर्फ घर पर बैठना चाहिए, उसे कोई पद नहीं मिलना चाहिए।'
दरअसल, अमीन कागजी जयपुर शहर में किशनपोल विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक हैं। राजस्थान विधानसभा में बजट 2024-25 पर चर्चा के दौरान आमीन कागजी ने कहा कि 'भजनलाल शर्मा सरकार का पहला पूर्ण बजट उन्हीं अफसरों ने बनाया है, जिन्होंने अशोक गहलोत सरकार में बनाया था। कांग्रेस जो बड़े-बड़े ऐलान करती थी, उनको आपने छोटे-छोटे टुकड़ों में बांट दिया। मतलब जिसके लिए हम 500-500 करोड़ रुपए जारी करने का प्रस्ताव करते थे, उसी को आपने 5-5 करोड़ में कर दिया। इसीलिए 'बेचारी मैडम' को पौने तीन घंटे खड़ा रहना पड़ा।'

अमीन कागजी ने दीया कुमारी का नाम तो नहीं लिया, मगर राजस्थान में वित्त मंत्री दीया कुमारी ही हैं और उन्होंने राजस्थान बजट पेश किया था। ऐसे में खुद के बारे में 'बेचारी मैडम'सुनकर दीया कुमारी भड़क गईं और वीडियो जारी कर आमीन कागजी पर पलटवार किया।
वीडियो में दीया कुमारी ने कहा कि 'कांग्रेस विधायक का यह बयान पार्टी की मानसिकता को दर्शाता है। जब कांग्रेस पार्टी सत्ता में थी, तब भी उनके मंत्री ने विवादित बयान दिए था। कहा था कि राजस्थान मर्दों का प्रदेश है। आज इनके विधायक महिला वित्त मंत्री को बेचारी कह रहे हैं।'
दीया कुमारी ने यह भी कहा कि 'इन लोगों को बड़ी आपत्ति है कि कोई महिला वित्त मंत्री कैसे बन गई? भाजपा ने केंद्र और प्रदेश में महिला को वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी है। महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह बड़ा कदम है। उससे कांग्रेस को परेशानी है। इनकी सोच है कि महिला को सिर्फ घर पर बैठना चाहिए, उसे कोई पद नहीं मिलना चाहिए। मैं कांग्रेस नेता के इस बयान की कड़ी निंदा करती हूं।'












Click it and Unblock the Notifications