दौसा सांसद जसकौर मीणा लापता, ढूंढने वाले को मिलेगा 21 हजार ईनाम!
दौसा। राजस्थान के दौसा जिले के मानपुर पुलिस थाने में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। उस पर दौसा सांसद के लापता होने के संबंध में पोस्टर चस्पा करने का आरोप है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं में भी रोष है।

दरअसल, दौसा जिले से जसकौर मीना सांसद हैं। बुधवार को सिकराय में दीवारों पर पोस्टर चस्पा मिले, जो चर्चा का विषय हैं। पोस्टर में दौसा सांसद की तस्वीर के साथ लिखा है कि वे लापता हैं। उन्हें यहां लाने वाले को 21 हजार रुपए नकद देने की बात कही गई है।
दौसा की मानपुर पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ता तथा कोरोना महामारी मंडल प्रभारी रमेश चंद्र मीना की शिकायत पर मामाल दर्ज किया है। शिकायत में कहा गया है कि सिकराय की पुरानी तहसील के सामने बाजार में एक पीले रंग का पर्चा मिला जिस पर सांसद जसकौर मीना का फोटो छपा है। पर्चे पर गुमशुदा की तलाश, लापता के साथ लिखा है कि कोरोना महामारी के संकट में दौसा लोकसभा क्षेत्र की जनता ढूंढ रही है। जो इस सांसद को दौसा लोकसभा क्षेत्र में लाएगा उसे 21 हजार रुपए नकद एवं जो भी उनका पता बताएगा उसको 11 हजार रुपए नकद इनाम दिया जाएगा। पर्चे में नीचे निवेदक आम जनता दौसा लिखा है।
उक्त पर्चा हमारी पार्टी की भावना को ठेस पहुंचाने की नियत से डाला गया है। इससे भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी रोष व्याप्त है। इससे सांसद के मान-सम्मान को भी ठेस पहुंची है अत: उक्त पर्चा डालने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करें। पुलिस ने पार्टी और सांसद की छवि धूमिल करने को लेकर मामला दर्ज किया है।












Click it and Unblock the Notifications