कोरोना पर रोकथाम के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुलाई बैठक, माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाने के आदेश
जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री सीएम गहलोत ने गुरूवार रात को मुख्यमंत्री निवास पर उच्च स्तरीय बैठक में कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा बैठक की। अशोक गहलोत ने राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के लिये बृहस्पतिवार रात को अधिकारियों को माइक्रो कंटेनमेन्ट के निर्धारण और मानक संचालन प्रक्रिया का कड़ाई से अनुपालन के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि संक्रमण रोकने के लिए जरूरी है कि सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क पहनने के नियम की पालना में कोई लापरवाही ना हो।

कोरोना संक्रमण की स्थिति की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए गहलोत ने निर्देश दिए कि जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, चित्तौडगढ़, अलवर और भीलवाड़ा जिले, जहां कि मामले तेजी से बढ़े हैं, वहां संक्रमण रोकने के लिए जिला कलेक्टर छोटे निषिद्ध जोन बनाएं। जिला कलेक्टर माइक्रो कन्टेनमेन्ट जोन सहित सघन कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग और अधिक टेस्टिंग के लिए विशेष योजना तैयार कर अमल में लाएं।
सरकारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि स्थिति पर नियंत्रण के लिए प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में धारा 144 के तहत पांच से अधिक व्यक्तियों के इकट्ठा होने पर रोक लगाने की कड़ाई से पालना हो। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सचिव सिद्धार्थ महाजन ने कोरोना संक्रमण की स्थिति, उपचाराधीन मामलों की संख्या तथा संक्रमण रोकने के उपायों के बारे में जानकारी दी।
बैठक में चिकित्सा राज्यमंत्री डा. सुभाष गर्ग, मुख्य सचिव निरंजन आर्य, पुलिस महानिदेशक एमएल लाठर, प्रमुख गृह सचिव अभय कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। पिछले 24 घंटे में राज्य में कोरोना के 3526 नए संक्रमित केस मिले हैं, जबकि 20 लोगों की मौत हो गई। पिछले एक साल में आए कोरोना के एक दिवसीय केसों में ये सबसे ज्यादा है। इससे पहले 24 नवंबर 2020 को राज्य में 3314 केस आए थे, जो कोरोना की पहली लहर में सर्वाधिक थे।












Click it and Unblock the Notifications