Rajasthan: राजस्थान के 17 जिलों को लेकर कैबिनेट सब कमेटी की बैठक, जल्द होगा बड़ा फैसला ?
Rajasthan News: प्रदेश में पूर्ववर्ती गहलोत सरकार में बनाए गए नए जिलों को लेकर आज सोमवार को कैबिनेट सब कमेटी की बैठक आयोजित हुई। 17 नए जिलों को लेकर उच्च स्तरीय समिति की समीक्षा रिपोर्ट पर विस्तृत चर्चा की गई।
रिटायर्ड आईएएस ललित के पंवार की अध्यक्षता में बनी उच्च स्तरीय समिति ने 30 अगस्त को कैबिनेट सब कमेटी को अपनी रिपोर्ट सौंप दी थी, लेकिन कैबिनेट सब कमेटी ने रिपोर्ट पर अब तक कोई निर्णय नहीं लिया। अब 15 दिन बार फिर से सब कमेटी की बैठक आयोजित होगी।

प्रदेश में पूर्ववर्ती गहलोत सरकार में बने 17 नए जिलों की सियासत लगातार जारी है। भाजपा की भजनलाल सरकार इन जिलों की लगातार समीक्षा कर रही है। आज भी इन जिलों को लेकर कैबिनेट की सब कमेटी की बैठक हुई और करीब 2 घंटे तक गहन मंथन किया गया।
हाल ही में इन नए 17 जिलों को लेकर कमेटी ने जांच रिपोर्ट सरकार को सौंपी है। बताया जा रहा था कि आज हुई इस बैठक में 17 नए जिलों को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा लेकिन इस बैठक में कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।
बैठक को लेकर जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि अभी किसी तरह का फैसला नहीं लिया गया है। जो भी फैसला लिया जाएगा वह जन भावना के अनुरूप लिया जाएगा।
जलदाय मंत्री ने कहा कि कई जिले जल्दबाजी में बनाए गए है। अगर हर विधानसभा को जिला बना दिया जाए तो 200 जिले हो जाएंगे। जो जिले बने हैं उसकी समीक्षा अभी और होगी।
नए जिलों की मांग भी हो रही है या किसी गांव को जोड़ा जाएगा, इस पर भी चर्चा हो रही है। कैबिनेट मंत्री कन्हैया लाल ने कहा कि किन जिलों को मर्ज किया जाएगा या नया जिला बनता है तो सभी की समीक्षा की जा रही है।
बैठक में रिटायर्ड IAS अधिकारी ललित के पंवार को फिर से 17 नए जिलों को लेकर जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन 17 नए जिलों पर आम लोगों के सुझाव मांगे गए हैं। उन्हें एक्सरसाइज करके और तथ्यात्मक व विश्लेषणात्मक रिपोर्ट बनाने की दी जिम्मेदारी दी गई है। अब इस रिपोर्ट के बाद फिर से कमेटी विचार करेगी। लेकिन तब तक बैठकों का दौर चलता रहेगा।
राजस्थान में यह बनाए गए थे नए जिले
प्रदेश में नए जिलों में अनूपगढ़, गंगापुर सिटी, कोटपूतली, बालोतरा, जयपुर शहर, खैरथल, ब्यावर, जयपुर ग्रामीण, नीमकाथाना, डीग, जोधपुर शहर, फलौदी, डीडवाना, जोधपुर ग्रामीण, सलूंबर, दूदू, केकड़ी, सांचौर और शाहपुरा शामिल हैं। इसके अलावा तीन नए संभाग बनाए गए थे जिनमें बांसवाड़ा, पाली और सीकर शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications