60 यात्रियों से भरी राजस्थान रोडवेज की चलती बस के अचानक निकल भागे चारों टायर, जानिए फिर क्या हुआ
झालावाड़। राजस्थान के झालावाड़ जिले में अजीब सड़क हादसा सामने आया है। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की तेज गति से दौड़ रही बस के चारों टायर अचानक निकल भागे। उस वक्त बस में 60 यात्री सवार थे, जो बाल-बाल बच गए।

अचानक हुए इस हादसे से बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया और वहां चीखें गूंज उठी। बाद में आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। बस के हालात देखकर वे भी चौंक गए। हादसे में बस में सवार करीब दर्जनभर यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार बूंदी रोडवेज डिपो की बस मध्यप्रदेश के शाजापुर से बूंदी की ओर जा रही थी। रास्ते में बकानी थाना इलाके में झालावाड़-बकानी मार्ग पर रीछवा गांव के पास अचानक चलती हुई बस का एक्सल टूट गया। इससे बस के पिछले चारों टायर बाहर निकल गए और बस का पिछला हिस्सा सड़क पर जा टिका।
गनीमत यह रही कि उस वक्त बस नियंत्रण में रही। पलटी नहीं अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। इस हादसे से सभी यात्री घबरा गए। हादसे के बाद सभी यात्री अपने अपने स्तर पर दूसरे अन्य वाहनों से गंतव्य के लिए रवाना हो गए। बता दें कि राजस्थान में इस तरह का यह कोई पहला मामला नहीं है जब खस्ताहाल रोडवेज ने यात्रियों की जान को सांसत में डाला है। इससे पहले भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में खस्ताहाल रोडवेज बसें दुर्घटनाग्रस्त होती रही हैं।
रोडवेज के इन हालात के लिए रोडवेज प्रबंधन सरकार को दोषी ठहराता है। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार वे सीमित संसाधनों में यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाने की कोशिश करते हैं, लेकिन आर्थिक तंगी इसमें हमेशा से इसमें रोड़ा बनती रही है। हालांकि रोडवेज ने पिछले दिनों अपने बेड़े में नई बसें शामिल की है, लेकिन अभी भी रोडवेज प्रबंधन बसों की कमी से जूझ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications