नफरत और ध्रुवीकरण से देश की इमेज खराब कर रही है भाजपा: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत
जयपुर, 09 जून। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बार फिर से भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। मीडिया से बात करते हुए सीएम गहलोत ने कहा कि भाजपा अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही है, वो नफरत और ध्रुवीकरण की राजनीति करने पर आमदा है और उसके चलते देश की छवि को नुकसान पहुंच रहा है।

बीजेपी पर भड़कते हुए सीएम ने कहा कि 'जो इज्जत, सम्मान देश ने पिछले 70 सालों में कमाया है, उसे खत्म करने की पूरी कोशिश बीजेपी की ओर से हो रही है। आज भारत के बारे में अमेरिका क्या सोच रहा है? अरब देश क्या राय रखता है, ये जगजाहिर है। जो कुछ भी हो रहा है वो बहुत ज्यादा खराब है और इस पर रोक लगाना बहुत ज्यादा जरूरी है'।
उन्होंने कहा कि अमन-चैन और विकास, हमेशा प्रेम और भाईचारे से पाया जा सकता है, ध्रुवीकरण से केवल नफरत पैदा होती है, जो कि सही नहीं है, भाजपा हर तरह से लोगों को बांटने का काम कर रही है।राजस्थान में बारां में क्या हुआ? चित्तौड़गढ़ और जोधपुर में क्या हो रहा है? वो वोटों के लिए कुछ भी करने को तैयार रही है। कांग्रेस ने हर तरह से इसका विरोध किया है। हमारे यहां लोग धर्म से नहीं बल्कि प्रेम से जुड़ते हैं। हम भाजपा की तरह नहीं है, हम सबको साथ लेकर चलते हैं लेकिन बीजेपी वोटों का ध्रुवीकरण करना चाहती है और इसलिए नफरत फैलाने का काम कर रही है।
भाजपा ने तो विधायकों को करोड़ों रुपये ऑफर किए थे
उन्होंने दोहराया कि राज्यसभा चुनावों में जीत हासिल करने के लिए भाजपा हॉर्स ट्रेडिंग करने में लगी हुई थी लेकिन वो कामयाब नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि विधायकों ने हमारा साथ दिया है और हम तीनों सीटें जीतेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने तो विधायकों को करोड़ों रुपये ऑफर किए थे लेकिन वो अपने नापाक इरादों में सफल नहीं हो पाई।












Click it and Unblock the Notifications