Rajasthan News: पूर्ववर्ती सरकार में बने नए जिलों को लेकर भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ का बड़ा बयान,जानिए मामला
Rajasthan Politics: राजेंद्र राठौड़ ने पूर्ववर्ती गहलोत सरकार में नए जिलों को लेकर आज बड़ा बयान दिया है।राठौड़ ने कहा कि पिछली सरकार के बनाए गए जिलों को लेकर उन्होंने कहा कि जैसे बारिश में ओले गिरते हैं, वैसे ही जिले टपक पड़े।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने पार्टी से बागी होकर कांग्रेस के टिकट पर चूरू से सांसद बने राहुल कस्वां के बारे में कहा कि वह इतने बड़े नेता नहीं हैं कि उनका टिकट कटने मात्र से पांच-पांच संसदीय क्षेत्र में पार्टी चुनाव हार जाए।

राठौड़ ने मंगलवार को यहां भाजपा कार्यालय में आपातकाल के 50 साल पूरे होने के कार्यक्रम में भाग लिया।
उन्होंने इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए कस्वां के टिकट कटने के सवाल पर कहा कि टिकट देना नहीं देना संसदीय बोर्ड तय करता है।
टिकट जिसे भी मिलता, वह उसके लिए काम करते। चाहे राहुल कस्वां हो या कोई नेता। राठौड़ ने कहा कि भाजपा ने कस्वां परिवार को 14 बार लोकसभा, विधानसभा, जिला प्रमुख एवं प्रधान का टिकट दिया है।
एक बार टिकट नहीं मिला और कांग्रेसी नेता राहुल गांधी की गोद में जाकर बैठ गए। उन्होंने कहा, राहुल कस्वां कहते थे कि मेरा नाम भी राहुल है और कांग्रेस नेता का नाम भी राहुल है। मुझे मेरा नाम लेने में शर्म आती है।
राठौड़ ने देवी सिंह भाटी को लेकर कहा कि वे ताजा-ताजा पार्टी में आए हैं। उनका यकायक ज्ञान बढ़ गया, इसलिए उन पर कुछ नहीं कहना।
उन्होंने कहा, चूरू में हार को मैंने खुद की जिम्मेदारी मानते हुए स्वीकार किया है। रही बात चूरू के कारण अन्य सीट हारने की तो राहुल कस्वां इतने बड़े नेता नहीं है कि उनके कारण पांच-पांच सीट प्रभावित हुईं।
पिछली सरकार के बनाए गए जिलों को लेकर कहा कि जैसे बारिश में ओले गिरते हैं, वैसे ही जिले टपक पड़े। अब तक यह पता नहीं चला है कि कोटपूतली और बहरोड़ में से कौन सा जिला है। इस पर समीक्षा होनी चाहिए और होगी।
राठौड़ ने कहा कि राजनीति संभावना का खेल है। इस बार राजस्थान में सीट कम होने का कारण अलग है। कई बार नारों पर कुछ लोग विश्वास कर लेते हैं।
जैसे इस बार आरक्षण एवं संविधान बदलने की झूठी बातें फैलाई गईं। किसान आंदोलन से पार्टी को कुछ नुकसान हुआ है। इन सब पर आलाकमान ने विश्लेषण किया है।
संसदीय चुनाव में एक सीट का चुनाव अहम नहीं है। दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बन गए हैं। ऐसा इतिहास में दूसरी बार हुआ।
पार्टी ने भजनलाल शर्मा जैसे संगठन के कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री बना दिया। अलवर सहित राजस्थान में बढ़ रहे अपराधों के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राजस्थान में बिगड़ी हुई कानून-व्यवस्था विरासत में दी थी, उसको सुधारने में समय लगेगा।
अलवर साइबर क्राइम और दुष्कर्म के मामले में बड़ा गढ़ बन गया था, उसको सुधारा जा रहा है और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अपराधों को खत्म करने के मामले में एक्शन मोड में है।












Click it and Unblock the Notifications