BHARATPUR : डॉक्टर से लड़ा रही थी इश्क रिसेप्शनिस्ट, पत्नी व सास ने प्रेमिका को बेटे के साथ जिंदा जलाया, VIDEO
तलाक के बाद डॉक्टर से लड़ा रही थी इश्क, अचानक पहुंची बीवी व सास ने बेटे के साथ जिंदा जलाया
भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर में एक मकान में लगी आग में महिला व उसके बेटे की जलने से हुई मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। भरतपुर पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर डॉक्टर, उसकी पत्नी व सास को हिरासत में लिया है।

डॉ. के मकान में रहती थी दीपा
बता दें कि हादसा भरतपुर के चिकसाना थाना इलाके की सूर्या सिटी में स्थित मकान में हुआ। भरतपुर के आरबीएम अस्पताल के सीनियर फिजीशियन डॉ. सुदीप गुप्ता के इस मकान में दीपा देवी अपने बेटे के साथ रहती थी। डॉ. सुदीप अपनी पत्नी सीमा व परिवार के साथ दूसरी जगह स्थित मकान में रहता था। दीपा का अपने पति से तलाक हो चुका है।

दीपा व डॉक्टर के बीच थे अवैध संबंध
दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस महानिरीक्षक लक्ष्मण गौड़ के अनुसार पति गजराज सिंह से तलाक लेने के बाद दीपा व अपने बेटे के साथ सूर्या सिटी स्थित डॉ. सुदीप के फ्लैट में रह रही थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि डॉ. सुदीप और दीपा लिव इन रिलेशनशिप में थे। दोनों के बीच अवैध संंबंध भी थे।

पत्नी व सास ने दिया वारदात को अंजाम
सुदीप के अवैध संबंधों से उसकी पत्नी सीमा काफी नाराज थी। सीमा ने अपनी मां सुरेखा के साथ मिलकर दीपा को मारने की योजना बनाई और सूर्या सिटी स्थित फ्लैट पर पहुंची। फिर कपड़ों पर स्प्रीट लगाकर आग लगा दी, जिसकी चपेट में दीपा का बेटा शौर्य भी आ गया। जलने से मां बेटे की मौत हो गई।

सीमा ने फोन करके दमकल बुलाई
डॉ. सुदीप की पत्नी सीमा और उसकी सास सुरेखा देवी दीपा व उसके बेटे की शौर्य की हत्या को हादसे का रूप देना चाहती थी। आग पूरे घर में फैल गई थी। तब सीमा ने अपने मोबाइल से फोन करके दमकल को मौके पर बुलाया था। इसी साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने सीमा को हिरासत में पूछताछ की। शुरुआत में तो उसने पुलिस को गुमराह किया। फिर सख्ती बरतने पर सच उगल दिया।

मृतका का भाई भी झुलसा
रविवार शाम को हुई घटना के वक्त मृतका दीपा का भाई भी वहां मौजूद था। बहन व भांजे को बचाने के प्रयास में वह भी झुलस गया। उसका भरतपुर के आरबीएम अस्पताल में उपचार चल रहा है। दीपा व उसके बेटे का शव मुर्दाघर में रखवा दिए गए। दीपा व उसके बेटे शौर्य की हत्या के आरोप में सीमा व सुरेखा के साथ-साथ डॉ. सुदीप को भी हिरासत में लिया गया है। हालांकि डॉ. का कहना है वह घटना के समय एविडेंस के लिए कोर्ट में था। पुलिस उसकी कोर्ट में मौजूदगी की जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications