बाड़मेर : कमलेश प्रजापति एनकाउंटर मामले ने पकड़ा तूल, कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया फर्जी मुठभेड़
जयपुर, 24 अप्रैल। राजस्थान के बाड़मेर जिले में दो दिन पहले हुए कमलेश प्रजापति एनकाउंटर मामले ने अब तूल पकड़ लिया है और इस एनकाउंटर की जांच सीबीआई से कराने की मांग की जा रही है। बता दें कि इस एनकाउंटर में कमलेश प्रजापति की मौत होने के साथ ही बाड़मेर पुलिस का जवान भी घायल हुआ, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।

वहीं, बाड़मेर एनकाउंटर पर अब राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य और प्रवक्ता सुरेंद्र लाम्बा ने सवालिया निशान लगाते हुए एनकाउंटर को फर्जी बताया है और एनकाउंटर की जांच सीबीआई से कराने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नाम पत्र लिखा है।

कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र लाम्बा ने कहा है बाड़मेर के दलित पिछड़े वर्ग के सामाजिक कार्यकर्ता कमलेश प्रजापति के फर्जी एनकाउंटर की जांच सीबीआई से करवाई जाए। साथ ही लाम्बा ने बताया कि कमलेश प्रजापति सरपंच का चुनाव लड़ कर मात्र 100 वोट से हारे थे। दलित पिछड़े वर्ग के सामाजिक कार्यकर्ता कमलेश प्रजापति की फर्जी एनकाउंटर में पुलिस की ओर से क्षेत्र के अतिजातिवादी और राजनैतिक अपराधियों के इशारे पर हत्या कर दी गई है, जिससे प्रदेशभर में और क्षेत्र विशेष दलित पिछड़े वर्ग और कुम्हार कुमावत समाज में जबरदस्त आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार पाली जिले के सांडेराव थानाध्यक्ष पर हमला करने के आरोप में प्रजापति एक घर में छुपे होने की सूचना मिली थी। बाड़मेर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम का गठन करके दबिश की कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान पुलिस ने जब उसे आत्मसमर्पण करने को कहा तो उसने कार से भागने की कोशिश की और उस दौरान कार से पुलिसकर्मी को कुचलने का प्रयास किया। इस जवाबी कार्रवाई में तैनात जवानों ने उसे घायल कर दिया। गोली लगने से घायल कमलेश प्रजापति को जिला अस्पताल लाया गया, जहां पर उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications