Barmer : शिक्षकों ने स्कूल को दान की एक माह की तनख्वाह 2 लाख रुपए, शिक्षामंत्री ने किया उन्हें सैल्यूट
बाड़मेर। सरकारी स्कूलों का विकास करवाने में भामाशाह द्वारा आर्थिक सहयोग देने के मामले तो अक्सर सामने आते रहते हैं, मगर राजस्थान के एक सरकारी स्कूल को उसमें कार्यरत शिक्षकों ने करीब दो लाख रुपए दान किए हैं।

इन शिक्षकों ने अपनी एक माह की तनख्वाह स्कूल को देने की घोषणा की है। शिक्षकों के इस फैसले पर राजस्थान के शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा ने भी प्रतिक्रिया देते हुए सभी शिक्षकों को सैल्यूट किया है।

घोषणा पत्र सोशल मीडिया में वायरल
बता दें कि राजस्थान के बाड़मेर जिले की शिव पंचायत समिति के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय उटल में कार्यरत शिक्षकों ने 26 जनवरी 2020 को विद्यालय को अपने वेतन में से आर्थिक सहयोग दिया है। इस घोषणा से संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यपक का लैटर पेड सोशल मीडिया में वायरल भी हो रहा है। उसमें शिक्षकों के नाम और उनके एक माह के वेतन का उल्लेख है। उल्लेखनीय है कि इस विद्यालय में कक्षा कक्षों का अभाव है। एक ही कक्षा में दो-तीन कक्षाओं के विद्यार्थी बैठाने पड़ रहे हैं।
स्कूल को इन्होंने दिया वेतन
सोशल मीडिया में वायरल हो रहे प्रधानाध्यापक के लैटर पेड के अनुसार बाड़मेर के गांव उटल के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय का समस्त स्टाफ विद्यालय विकास के लिए स्वविवेक से अपने एक माह का वेतन देने की घोषणा की है। प्रधानाध्यापक कैलाश दान चारण ने 53180, शिक्षक जीवणाराम कुमावत ने 38140, दिनेश कुमार सोनी ने 35785, जगाराम कुमावत ने 21330 और शिक्षिका रेखा कुमारी ने 21330 सभी ने कुल 191095 रुपए देने की घोषणा की है।

शिक्षामंत्री बोले-मैं दूंगा अतिरिक्त संसाधन
राप्राउवि उटल बाड़मेर के शिक्षकों द्वारा एक माह का वेतन स्कूल को दिए जाने की घोषणा पत्र को शिक्षामंत्री ने अपने फेसबुक पेज पर अपलोड करते हुए लिखा है कि 'मैं रा.उप्रावि, उटल, शिव, बाड़मेर के इन गुरुजनों को सैल्यूट करता हूँ, जिन्होंने अपना एक माह का वेतन अपने विद्यालय के नाम दान कर दिया। प्रधानाध्यापक जी से मेरा आग्रह है की विद्यालय में किसी भी अतिरिक्त संसाधन की आवश्यकता हो तो बस 1 आवेदन मुझ तक पहुंचा दें। आपकी हर संभव मदद होगी। धन्यवाद'












Click it and Unblock the Notifications