राजस्थान : सरपंच प्रत्याशी ने वोटिंग से पहले बांटे रुपए, हार के बाद पहुंच गया वापस लेने
बारां। राजस्थान पंचायती राज चुनाव 2020 के तीन चरण पूरे हो गए हैं। तीसरा चरण 29 जनवरी को सम्पन्न हुआ है। इस चरण से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। राजस्थान के बारां जिले की छबड़ा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत खोपर के इस वायरल वीडियो में एक प्रत्याशी मतदाताओं से चुनाव के दौरान बांटे गए रुपए वापस लेता नजर आ रहा है।

हुआ यूं कि खोपर ग्राम पंचायत में 29 जनवरी को मतदान हुआ। उसी दिन शाम को परिणाम भी घोषित कर दिया। उक्त प्रत्याशी चुनाव हार गया तो शुक्रवार को अपने दो समर्थकों के साथ साथ पंचायत के रींझा गांव में मतदाताओं को दिए गए रुपयों की वसूली करने पहुंच गया।
खोपर ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में थे। कुछ मतदाताओं ने उसको रुपए वापस भी कर दिए। इस दौरान किसी ने इसका वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में रुपयों का लेन-देन साफ दिख रहा है।

धौलपुर में भी सामने आया था ऐसा मामला
बारां से पहले धौलपुर में भी ऐसा मामला सामने आ चुका है। 17 जनवरी 2020 को धौलपुर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत पचगांव पहले चरण के तहत चुनाव हुए थे। यहां के दो वीडियो सोशल मीडिया वायरल हुए हैं। जिसमें चुनाव हारने के बाद महिला प्रत्याशी अपने परिजनों के साथ दलाल के पास पहुंची और वोट खरीदने के लिए दिए गए रुपए वापस मांगने लगी। रुपए को लेकर महिला प्रत्याशी और उसके परिजनों की दलाल से काफी कहासुनी भी हुई। महिला प्रत्याशी ने आरोप लगाते हुए एक दलाल को 4 लाख रुपए देने के आरोप भी लगाए।












Click it and Unblock the Notifications