Raipur News: नालंदा परिसर में खुला मिलेट कैफ़े, CM भूपेश बघेल ने किया शुभारंभ
Millet Cafe Raipur: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रायपुर के दूसरे मिलेट कैफ़े का शुभारंभ करते हुएने कहा कि अब नालंदा परिसर में पढ़ने आने वाले छात्र- छात्राओं को पोषक मिलेट्स के आहार मिलेंगे।

Millet Cafe: रायपुर शहर के नालंदा परिसर में बुधवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मिलेट कैफ़े का शुभारंभ किया। अब नालंदा परिसर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आने वाले विद्यार्थी सहित रायपुर शहर वासियों को भी रागी, कोदो-कुटकी, ज्वार, संवा जैसे मिलेट्स से बने व्यंजनों का स्वाद मिल सकेगा। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में भेंट मुलाक़ात करने के दौरान मुख्यमंत्री बघेल ने इस कैफ़े की शुरुआत की।
राजधानी रायपुर के दूसरे मिलेट कैफ़े का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि अब नालंदा परिसर में पढ़ने आने वाले छात्र- छात्राओं को पोषक मिलेट्स के आहार मिलेंगे। पोषण के लिहाज़ से भी यह कैफ़े विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण रहेगा। इससे उनको अब जंक फ़ूड नहीं खाने पड़ेंगे और पढ़ाई के साथ स्वस्थ रहने की चुनौतियों से विद्यार्थी आसानी से निपट सकेंगे। मुख्यमंत्री ने इस मिलेट कैफ़े को शुरू करने के लिए कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर भूरे और नगर निगम के अधिकारियों की भी प्रशंसा की और सभापति प्रमोद दुबे को भी मिलेट के पकवान खिलाए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री बघेल ने रागी से बना केक काटा और कुटकी से बना चीला, रागी ब्रेड का सैंडविच, रागी का वेजिटेबल कटलेट, कोदो की खीर , रागी का कप केक , रागी का हलवा और रागी की पाव भाजी का स्वाद भी लिया। मौक़े पर पश्चिम प्रभारी मंत्री रविंद्र चौबे, क्षेत्र के विधायक और संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, महापौर एजाज़ ढेबर, योग आयोग के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा, नगर निगम के सभापति प्रमोद दुबे, एसएसपी प्रशांत अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त मयंक चतुर्वेदी सहित कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि कई पीढिय़ों से रागी, कोदो जैसे अनाज हमारे आहार का प्रमुख हिस्सा हुआ करता था। किंतु आज इनका उपयोग सीमित हो गया है। ये अनाज सेहत के लिए जरूरी बहुत से पोषक तत्वों से युक्त होते हैं। इस कैफे से लोगों को इन अनाजों से तैयार व्यंजन के रूप में सेहतमंद विकल्प मिलेंगे। और इन सेहतमंद व्यंजनों की लोकप्रियता-उपयोग बढ़ेगा।
यह भी पढ़ें CG News: छत्तीसगढ़ के कृषि विभाग को उत्कृष्टता पुरस्कार, फसल बीमा के क्रियान्वयन में पाई सफलता












Click it and Unblock the Notifications