वैक्सीन लगाने पर छत्तीसगढ़ में अब दिया जा रहा है सीएम की फोटो वाला सर्टिफिकेट
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने कोरोना वैक्सीन लगाने वालों को अब पीएम की जगह सीएम भूपेश बघेल की फोटो वाला सर्टिफिकेट देना शुरू किया है। जबकि अभी टीकाकरण के बाद जो सर्टिफिकेट दिया जाता है उस पर पीएम नरेंद्र मोदी की फोटो होती है। दरअसल, छत्तीसगढ़ सरकार ने देश भर में वैक्सीन के लिए जारी कोविन ऐप की जगह 18 से 44 साल की उम्र वालों के टीकाकरण के लिए अपनी वेबसाइट CGTEEKA लॉन्च किया है, जिसपर युवा रजिस्ट्रेशन करवा कर वैक्सीन लगवा सकते हैं।

इस ऐप पर रजिस्ट्रेशन के बाद जब युवा वैक्सीन लगवा रहे हैं तो उन्हें सीएम भूपेश बघेल की फोटो वाला सर्टिफिकेट दिया जा रहा है। वहीं इस मामले पर भाजपा ने विरोध जताते हुए कहा कि आपदा में भी कांग्रेस प्रचार का मौका नहीं छोड़ रही है और सीएम की फोटो वाला सर्टिफिकेट दे रही है। वहीं इस बारे में छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने बताया कि इसमें गलत क्या है। केंद्र सरकार से जो वैक्सीन मिले हैं और जिनको वो वैक्सीन लगाए जा रहे हैं उनके सर्टिफिकेट पर पीएम का ही फोटो है। लेकिन जो वैक्सीन छत्तीसगढ़ सरकार ने खरीदे हैं 18 से 44 साल की उम्र वाली जनता के लिए उसमें यदि सीएम की फोटो है तो आपत्ति क्यों।
बता दें कि लॉकडाउन लागू होने के बाद से छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण के मामले कम होने लगे हैं। पिछले 24 घंटे में यानी कि बीते शुक्रवार को 4 हजार 943 कोरोना के नए मरीज मिले हैं। वहीं 9 हजार 867 लोगों ने कोरोना को मात दी है। नए आंकड़ों के साथ ही प्रदेश में अब एक्टिव मरीज की संख्या 76 हजार 446 हो गई है। पिछले 24 घंटे में अगर जांच की बात करें तो 65 हजार 642 सैंपल जांचे गए हैं। वहीं 96 संक्रमितों की मौत की जानकारी सामने आई है। बीते गुरुवार को 113 कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications