छत्तीसगढ़ः पिछले 24 घंटे में सामने आए 15 हजार से अधिक कोरोना संक्रमण के मामले, 158 की मौत
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना का भयावह रूप सामने आने लगा है।बीते मंगलवार को एक दिन में रिकॉर्ड 15 हजार 121 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं, जिसमें सबसे ज्यादा रायपुर के 4168 के शामिल हैं।वहीं पिछले 24 घंटे में 156 मौतें हुई हैं, जिसमें 58 मौत रायपुर में हुई है। मौत के इन आंकड़ों में 47 पुरानी मौतों को शामिल किया गया है। यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के नए मामले सामने आने के बाद प्रदेश में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या एक लाख के पार पहुंच गई है। बता दें कि कोरोना सेल के मीडिया प्रभारी डॉक्टर सुभाष पांडे का बुधवार सुबह निधन हो गया। वे कोरोना संक्रमित थे और एम्स में उनका इलाज चल रहा था।

कोरोना महामारी के 14 माह के दौर में एक्टिव मरीजों का प्रतिशत 22 से अधिक हो गया है। यानी अब प्रदेश में 100 संक्रमितों में से 22 घर या अस्पताल में इलाजरत है। केवल सात दिन के भीतर ही प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या में 67 हजार से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। वहीं प्रदेश में कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ते मामले को देखते हुए बस्तर जिले में भी 15 अप्रैल की शाम 6 बजे से 22 अप्रैल की रात 12 बजे तक लॉकडाउन की घोषणा की गई है।
बस्तर के कलेक्टर रजत बंसल ने बताया कि बस्तर को मिलाकर अब प्रदेश के 28 में से 18 जिलों में लॉकडाउन लग चुका है। बस्तर के अलावा बिलासपुर, रायगढ़, मुंगेली, बलरामपुर, पेंड्रा, महासमुंद, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा, जशपुर, कोरिया, बलौदाबाजार, कोरबा, धमतरी, सरगुजा, गरियाबंद, जांजगीर जिले में अलग-अलग समय के लिए पहले से लॉकडाउन है।












Click it and Unblock the Notifications