छत्तीसगढ़ः पिछले 24 घंटे में मिले 15 हजार से ज्यादा संक्रमित, 215 मरीजों की मौत
रायपुर। छत्तीसगढ़ में दिन-प्रतिदिन कोरोना की रफ्तार बढ़ती जा रही है। पिछले 24 घंटे यानी कि बीते सोमवार को 15 हजार 084 नए कोरोना वायरस के मरीज मिले। वहीं पिछले 24 घंटे में 215 संक्रमित लोगों की मौत हो गई। 11 मौत की जानकारी सरकार को रविवार को मिली, लेकिन ये ऐसे लोग थे जो पिछले 1 सप्ताह में जान गंवा बैठे थे।

ताजा रिपोर्ट में इसे मिलाकर 226 लोगों की जान जाने की बात लिखी है। बता दें कि कोरोना के चलते अब तक प्रदेश में 7 हजार 536 संक्रमित लोगों की जान जा चुकी है। हालांकि राहत की बात यह है कि बीते सोमवार की रात तक 14 हजार 977 मरीज ठीक होकर घर लौट गए।
वहीं कोरोना के नए मामले सामने आने के बाद अब प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या 1 लाख 21 हजार 352 हो चुकी है। बीते सोमवार को राज्य में 54 हजार 250 सैंपल जांचे गए। रायपुर शहर में पिछले 24 घंटे में 1394 नए मरीज मिले हैं। 62 लोगों की मौत हुई, अब राजधानी में एक्टिव मरीज 12 हजार 690 है। दुर्ग में 1183 नए मरीज, 18 लोगों की जान गई अब यहां एक्टिव मरीज 8852 हैं।
वहीं बिलासपुर में 1296 नए मरीज मिले, 28 लोगों की मौत हुई। अब यहां एक्टिव मरीज 8779 हैं। राजनांदगांव में 789 मरीज मिले, 10 लोगों की मौत हुई। यहां एक्टिव केस 6409 हैं। रायगढ़ में 1085 नए मरीज मिले, 11 लोगों की मौत हुई है। अब एक्टिव केस 9040 हैं। कोरबा में 1036 लोग संक्रमित हुए, 17 लोगों की मौत हुई। अब यहां 6673 एक्टिव मरीज हैं। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सबसे कम 13 मरीज मिले, 238 एक्टिव मरीज हैं।












Click it and Unblock the Notifications