छत्तीसगढ़ में 532 साल की महिला चला रही है सिलाई मशीन

दरअसल राज्य में चलने वाली मुख्यमंत्री सिलाई मशीन और साईकिल सहायता योजना में कई ऐसे तथ्य सामने आए हैं जो चौंकाने वाले हैं। इस योजना के तहत जिन महिलाओं को सिलाई मशीन और साईकिल दी जा रही है उनकी उम्र 500 और 200 साल भी है। आरटीआई के तहत जो खुलासा हुआ है उसके मुताबिक इन उम्र की महिलाओं की जानकारी के नाम पर कोई पता मौजूद नहीं है।
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा चलाई जा रही इस योजना के बारे में हुए इन खुलासों से ये बात सामने आ गई है कि राज्य में चलने वाली लगभग 40 करोड़ रुपए की इस योजना का लाभ आखिर किसको मिल रहा है? इस योजना का उद्घाटन पिछले साल हुए विधानसभा चुनावों के समय किया गया था और ऐसे दावे किए गए थे कि इस योजना से राज्य में 1.15 लाख महिलाओं को फायदा पहुंचेगा। साईकिल और सिलाई मशीन की योजनाओं के लिए यह तय किया गया था कि साईकल के लिए 18 से 35 साल और सिलाईमशीन के लिए 35 से 60 साल की महिलाओं को लक्ष्य बनाया जाएगा, लेकिन आरटीआई से जो खुलासे हुए उसके मुताबिक योजना में इस तरह की बातों का बिलकुल ध्यान नहीं रखा गया है।
आरटीआई की जानकारी के अनुसार रायपुर में आयोजित मुख्यमंत्री सिलाई सहायता योजना के तहत 19399 सिलाई मशीनें बाटीं गई थीं। और इस लिस्ट में 6189 महिलाएं ऐसी हैं जिनकी उम्र 114 साल है। इसमें 6 महिलाएं तो ऐसी हैं जिनकी उम्र 202 साल हैं। तीन महिलाएं ऐसी हैं जिनकी उम्र 212 साल लिखी हुई है। दो महिलाएं ऐसी भी दिखाई गई हैं जिनकी उम्र 228 साल है। कम से कम 14 महिलाएं ऐसी हैं जो 300 साल की हैं।
इस लिस्ट में 7 महिलाएं हैं जो 400 की उम्र की हैं। और एक ऐसी महिला की जानकारी भी मौजूद है जिसकी उम्र 532 साल बताई जा रही है। योजना में पाई गई गड़बड़ी के बाद सरकारी अधिकारी इसे सॉफ्टवेयर की गड़बड़ी बताकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। उनका कहना है कि कंप्यूटर सॉफ्टवेयर में किसी तरह के वायरस के कारण ऐसी गड़बड़ियां हुई है।












Click it and Unblock the Notifications