कौन हैं सुखबीर सिंह बादल? जिन पर स्वर्ण मंदिर के बाहर "धार्मिक सजा" काटते हुए जानलेवा हमला हुआ
Sukhbir Singh Badal profile: शिरोमणि अकाली दल (SAD) के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर बुधवार सुबह स्वर्ण मंदिर में जानलेवा हमला हुआ है। सुखबीर बादल पर एक शख्स ने तब गोली चलाई जब वो धार्मिक सजा के तहत स्वर्ण मंदिर के गेट पर पहरा दे रहे थे। हालांकि बादल इस घटना में बाल-बाल बच गए हैं और वहां मौजूद लोगों ने गोली चलाने वाले को भी तुरंत पकड़ लिया है।
बता दें पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल को श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से राम-रहीम को माफी और बेअदबी मामले में सजा सुनाई गई है। अकाल तख्त ने उन्हें और अन्य अकाली दल के नेताओं को "गलतियों" के लिए 'तंखा' (धार्मिक दंड) सजा सुनाई है।

इस सजा के अंतर्गत स्वर्ण मंदिर और कई अन्य गुरुद्वारों में 'सेवादार' के रूप में उन्हें बर्तन धोने और जूते साफ करने और गेट पर पहरेदारी करनी शामिल है। आज जब बादल पर गोली चली तब अकाल तख्त द्वारा दी गई सजा के तहत सुखबीर बादल 'सेवादार' कर्तव्यों का पालन करते हए स्वर्ण मंदिर के गेट पर पहरा दे रहे थे।
पंजाब के पूर्व सीएम के बेटे हैं सुखबीर सिंह
सुखबीर सिंह बादल शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष एवं पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के पुत्र हैं।सुखबीर की मां का नाम सुरिंदर कौर बादल है।
सुखबीर सिंह का परिवार
सुखबीर सिंह बादल की पत्नी पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर हैं। बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर राजनीति का जाना- पहचाना चर्चित नाम है। सुखबीर सिंह की दो बेटियां और एक बेटा है।
सुखबीर सिंह बादल का जन्म और शिक्षा
9 जुलाई, 1962 को जन्में सुखबीर सिंह बादल ने शुरूआती शिक्षा लॉरेंस स्कूल, सनावर से पूरी की और बाद में पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में अर्थशास्त्र में पोस्ट ग्रेजुएट की डिग्री ली। इसके बाद, सुखबीर सिंह ने कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी, लॉस एंजिल्स, यूएसए से एमबीए की डिग्री हासिल की है। चुनावी हलफनामें में सुखबीर स्वयं को किसान बताते रहे हैं।
सुखबीर सिंह का राजनीतिक करियर
पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम रह चुके सुखबीर सिंह पंजाब के फरीदकोट क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। 2009 -2010 में पंजाब के उपमुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली। 11वें और 12 वें लोकसभा चुनाव में लगातर जीत हासिल कर सांसद बने। सुखबीर सिंह 1998 से 1999 तक केंद्रीय राज्य मंत्री और 2001 से 2004 तक राज्यसभा के सदस्य रहे। आकाली दल के अध्यक्ष भी रहे।
पंजाब में शुरू की जल बस सेवा
सुखबीर सिंह बादल ने पंजाब में जल बस सेवा शुरू करने की उनकी पहल थी। ये वादा बादल ने चुनावों के दौरान वोटर्स से की थी। अपने विरोधियों के संदेह के बावजूद, उन्होंने परिवहन के इस अभिनव तरीके को सफलतापूर्वक शुरू किया था। अमृतसर में हरिकेपट्टन झील पर जल बस सेवा का उद्घाटन उनके राजनीतिक जीवन में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुआ।
अकाली दल के मुखिया सुखबीर सिंह बादल
जनवरी 2008 में सुखबीर सिंह बादल को अकाली दल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया, इस पद पर रहते हुए उन्होंने पार्टी को 2012 के विधानसभा चुनावों सहित कई चुनावी जीत दिलाई। सुखबीर सिंह बादल का पार्टी की नीतियों को आकार देने और दिशा तय करने में नेतृत्व अहम रहा है।
सुखबीर सिंह बादल की कुल संपत्ति
2022 में हुए पंजाब विधानसभा चुनाव के समय सुखबीर सिंह बादल ने चुनावी हलफनामें में 122.77 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति घोषित की थी। इस हलफनामें के बाद वो जमकर चर्चा में आए थे क्योंकि उन्होंने बताया था कि उनकी कुल संपत्ति में 95.82 लाख रुपये के घोड़े, तीन लाख रुपये के दो हथियार और 52.95 करोड़ रु क अचल संपत्ति शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications