Amritpal Singh: वकील का दावा, पुलिस की गिरफ्त में अमृतपाल सिंह, हो सकता है फर्जी एनकाउंटर
वारिस पंजाब दे के कानूनी सलाहकार ने दावा किया है कि पंजाब पुलिस ने अमृतपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

Amritpal Singh: खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। वारिस पंजाब दे के कानूनी सलाहकार इमान सिंह खारा ने दावा किया है कि पंजाब पुलिस ने शाहकोट पुलिस स्टेशन गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पंजाब पुलिस ने अपने बयान में कहा है कि अमृतपाल सिंह अभी भी फरार है और उसे पकड़ने की हर संभव कोशिश की जा रही है, लेकिन खारा ने दावा किया है कि अमृतपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। इमान सिंह ने आरोप लगाया है कि पुलिस अमृतपाल सिंह को फर्जी एनकाउंटर में मार देना चाहती है। अमृतपाल सिंह की जान को खतरा बताते हुए खारा ने पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में रिट पेटिशन दायर की है।
वकील ने बताया कि हमने पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में क्रिमिनल रिट पेटिशन दायर की है। यह हैबीबस कॉर्पस रिट पेटिशन है। भारतीय संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत जीने का अधिकार मौलिक अधिकार है, लिहाजा किसी को भी आप कोर्ट की प्रक्रिया के बाहर जाकर पीट नहीं सकते हैं। अपनी याचिका में हमने कोर्ट से अपील की है कि अमृतपाल सिंह की जान को खतरा है, उन्हें शाहकोट पुलिस स्टेशन में गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी के 24 घंटे के भीतर व्यक्ति को कोर्ट के सामने पेश करना होता है, बावजूद पुलिस ने ऐसा नहीं किया। पुलिस के इरादे ठीक नहीं है।
गौर करने वाली बात है कि पंजाब पुलिस ने कहा था कि अभी भी अमृतपाल सिंह फरार है। पुलिस ने कहा कि वारिस पंजाब दे के खिलाफ ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लोग प्रदेश की शांति व्यवस्था को खराब करना चाहते हैं। इस मामले में रविवार को 34 और लोगों की गिरफ्तारी की गई है। अभी तक कुल 112 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। लेकिन पुलिस के बयान के खिलाफ एडवोकेट खारा का कहना है कि पुलिस फर्जी एनकाउंटर में अमृतपाल सिंह को मारना चाहती है।












Click it and Unblock the Notifications