पंजाब: CM चन्नी की जारी है चुनावी पारी, कैप्टन कर रहे बाज़ी पलटने की तैयारी, जानिए क्या है पूरा मामला ?
पंजाब में विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र जहां सभी सियासी पार्टियां चुनावी तैयारियों में जुटी हुई हैं। वहीं पंजाब कांग्रेस अंदुरूनी कलह से जूझ रही है।कैप्टन अमरिंदर सिंह के दिल्ली दौरे को लेकर तमाम कयास लगाए जा रहे हैं।
चंडीगढ़, सितंबर 29,2021। पंजाब में विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र जहां सभी सियासी पार्टियां चुनावी तैयारियों में जुटी हुई हैं। वहीं पंजाब कांग्रेस अंदुरूनी कलह से जूझ रही है, इसके बावजूद पंजाब के नवनियुकत मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने मास्टर स्ट्रोक लगाते हुए बिजली बिलों के लेकर जनता को बड़ी राहत दी है। उन्होंने घोषणा की है कि पंजाब में 2 किलोवाट वाले उपभोक्ताओं के बकाया बिजली बिल का भुगतान सरकार करेगी। वहीं कैप्टन अमरिंदर सिंह के दिल्ली दौरे को लेकर तमाम कयास लगाए जा रहे हैं। पंजाब के सियासी गलियारों में यह हलचल है कि कैप्टन बड़ा दांव खेल सकते हैं।

नई पारी की शुरुआत कर सकते हैं कैप्टन
पंजाब के राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा जोरों पर है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह तीन नए कृषि कानूनों को लेकर किसी बड़ी पहल के साथ किसान आंदोलन ख़त्म कराने में बड़ा रोल अदा कर सकते हैं। वह इसके लिए रणनीति तैयार कर रहे हैं। वहीं नवजोत सिंह सिद्धू के पंजाब कांग्रेस के इस्तीफ़े के बाद कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता ये मान रहे है कि इस मुश्किल वक्त में कैप्टन अमरिंदर सिंह ही कांग्रेस की नैय्या पार लगा सकते हैं। सियासी सलाहकारों का का मानना है कि कांग्रेस आलाकमान को कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ इस मुद्दे पर चर्चा करनी चाहिए। वहीं क़यास लगाए जा रहे हैं तीन नए कृषि कानूनों की वजह से केंद्र सरकार और किसानों के बीच पैदा हुई दूरी को कम कराने में कैप्टन अहम रोल अदा करते हुए नई पारी की शुरुआत कर सकते हैं।
Recommended Video

कैप्टन और शाह की मुलाक़ात
पंजाब के राजनीतिक घटनाक्रम के बीच पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने पहुंचे। कैप्टन अमरिंदर सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री की मुलाकात अमित शाह के घर पर हुई। बताया जा रहा है कि अमित शाह और कैप्टन अमरिंदर की मुलाकात किसानों के मुद्दों पर हो रही है। नवजोत सिंह सिद्धू के इस्तीफे और पंजाब में नए मंत्रियों को विभागों के बंटवारे के तुरंत बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह मंगलवार को ही दिल्ली पहुंचे थे। इसके साथ ही गृह मंत्री अमित शाह से उनकी मुलाकात को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि मंगलवार को जब कैप्टन अमरिंदर सिंह से पूछा गया कि क्या उनकी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मुलाकात तय है, तो उन्होंने इससे इनकार कर दिया था। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा था कि वह किसी से मिलने नहीं आए हैं बल्कि दिल्ली में सरकारी आवास खाली करने आए हैं। वहीं उन्होंने कहा था कि सियासी लिहाज़ से कोई भी नया कदम उठाऊंगा तो सबको बताऊंगा।

कैप्टन के सलाहकारों की वापस ली गई सुरक्षा
पंजाब सरकार की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के सलाहकारों की सुरक्षा वापस ले ली गई है। जिक्योग्य यह है कि इनमें कैप्टन के करीब 20 सलाहकारों के नाम शामिल है। इनमें कैप्टन के वरिष्ठ सलाहकार रहे टी.एस.शेरगिल, मीडिया सलाहकार रवीन ठकुराल, ओ.एस.डी मेजर अमरदीप सिंह, एडवोकेट जनरल रहे अतुल नंदा, ओ.एस.डी.रहे दमनजीत सिंह, ओ.एस.डी रहे मेजर अंकित बांसल, गुरमेहर सिंह सेखों राजनीतिक सचिवालय और कैप्टन के मीडिया सलाहकार रहे इंदर चहल और सुरक्षा सलाहकार रहे खूबी राम सहित कई लोगों के नाम लिस्ट में शामिल हैं। कुछ ही दिन पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था, जिसके तहत पंजाब सरकार ने उनके सलाहकारों की सुरक्षा वापिस ले ली है।

चुनावी समीकरण दुरुस्त करने में जुटे CM
पंजाब कांग्रेस में मचे घमासान से बेपरवाह नवनियुक्त मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी चुनावी समीकरण दुरुस्त करने में जुटे हुए हैं। पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह से उलट चरणजीत सिंह चन्नी एक के बाद एक लोकलुभावने ऐलान कर रहे हैं, जिससे वह पंजाब की जनता के दिलों में घर कर रहे हैं। इस बाबत वह किसानों से लेकर नौजवानों और गरीबों के लिए लगातार ताबड़तोड़ फ़ैसले ले रहे हैं। चन्नी एक तरफ कांग्रेस हाईकमान के 18 सूत्रीय एजेंडे को अमलीजामा पहनाने में लगे हुए हैं तो दूसरी तरफ़ ख़ुद को ग़रीबों से जोड़ने की क़वायद करते नज़र आ रहे हैं। चन्नी ने शपथ लेने के बाद से ही ख़ुद के अनोखे अंदाज़ से कभी वह सुरक्षा घेरा तोड़कर छात्रों से मिलते नज़र आए तो कभी मंच पर छात्रों के बीच पहुंच भंगड़ा कर सबके दिल में जगह बनाई। 2022 विधानसभा चुनाव से पहले वीआईपी कल्चर को दरकिनार कर सीएम चन्नी ख़ुद को आम आदमी साबित कर आम आदमी पार्टी का एजेंडा भी लपकने में कामयाब हो रहे हैं।
ये भी पढ़ें: पंजाब में बड़ा दांव खेलने की तैयारी में AAP, अरविंद केजरीवाल जल्द करेंगे बड़ी घोषणा, पढ़िए पूरी ख़बर












Click it and Unblock the Notifications