पंजाब: बटाला को अलग ज़िला घोषित करने की मांग पर गरमाई सियासत, अधिवक्ता संघ ने किया विरोध
पंजाब सरकार की ओर से जिला गुरदासपुर की तहसील बटाला को एक अलग जिला बनाने का मुद्दा सुर्खियों में है।
चंडीगढ़, सितंबर 8, 2021। पंजाब सरकार की ओर से जिला गुरदासपुर की तहसील बटाला को एक अलग जिला घोषित करने का मुद्दा सुर्खियों में है। बटाला को जिला बनाने के विरोध में गुरदासपुर के वकीलों ने व्यापार मंडल के सहयोग से शहर में रोष मार्च निकाला। इसकी अध्यक्षता जिला बार एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट राकेश शर्मा और अन्य पदाधिकारियों ने की। इस दौरान नगर काउंसिल के प्रधान एडवोकेट बलजीत सिंह पाहड़ा ख़ास तौर से शामिल हुए। रोष मार्च जिला कचहरी से शुरू होकर शहर के कई अलग अलग हिस्सों से गुजरा। इस दौरान सरकार के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी हुई और धरना प्रदर्शन भी किया गया।

बार एसोसिएशन ने जताई नाराज़गी
गुरदासपुर बार एसोसिएशन के प्रधान राकेश शर्मा ने कहा कि जिला ऐतिहासिक जिला गुरदासपुर के साथ कई बार धोखा हो चुका है। पठानकोट और बटाला इस जिले की महत्वपूर्ण तहसीलें हुआ करती थी। इनमें से पठानकोट को गुरदासपुर से तोड़कर अलग जिला बना दिया गया। अब तहसील बटाला को भी गुरदासपुर से अलग किया जा रहा है। अफसोस की बात है कि राजनीति की वजह से ऐतिहासिक जिले के वजूद को ख़त्म किया जा रहा है। अगर बटाला ज़िला बनता है तो इससे सिर्फ़ वकील भाईचारे का ही नुकसान नहीं होगा, बल्कि हर वर्ग के लोगों पर सीधे तरीके से मार पड़ेगी।
सितंबर तक हड़ताल का फ़ैसला
राकेश शर्मा ने कहा कि जिला बार एसोसिएशन ने इसके विरोध में सितंबर तक हड़ताल करने का फैसला किया है और तब तक संघर्ष चलता रहेगा, जब तक सरकार द्वारा यह भरोसा नहीं मिल जाता कि गुरदासपुर जिले का मौजूदा स्वरूप बरकरार रखा जाएगा। वीरवार को डीसी कार्यालय के सामने धरना दिया जाएगा। नगर कौंसिल के प्रधान एडवोकेट बलजीत सिंह पाहड़ा ने कहा कि जिला गुरदासपुर को तोड़ने का प्रयास बेहद निदनीय है और यह सब कुछ एक साजिश के तहत किया जा रहा है।
बटाला को जिला घोषित करने की मांग
आपको बता दें कि पंजाब के CM कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बटाला को जिला घोषित करने की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बटाला को ज़िला घोषित करने पर पहले से ही सलाह मशवरा किया जा रहा है। इसमें शामिल कई मसले पर मशवरा करने के बाद आख़री फैसला किया जाएगा। ग़ौरतलब है कि तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा और सुखजिंदर सिंह रंधावा ने सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह से बटाला को अलग ज़िला घोषित करने की मांग कर चुके हैं। इसी के जवाब में CM कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि पहले भी एक कांग्रेस नेता ने भी यही मांग की थी। इस मुद्दे पर विचार विमर्श किया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट का दिया हवाला
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बटाला के नागरिकों ने भी अपने क्षेत्र को एक नया जिला बनाने की मांग की है। अमरिंदर सिंह ने एक बयान में दोनों मंत्रियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि "अगर वह मेरे पास आते और इसके बारे में बात करते, तो मैं उन्हें बता देता कि मैं पहले से ही इस मामले को देख रहा हूं और इस बाबत मैं उनसे सलाह भी लेता। उन्होंने ने कहा कि वह राज्य के इतिहास और संस्कृति के साथ-साथ जनता की भावना के लिए बटाला के महत्व को समझ रहे हैं। इस बाबत वह कई मुद्दों पर सलाह मशवरा करने के बाद कोई फ़ैसला लेंगे।
कैप्टन का जताया आभार
इसी बीच प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि वह अमरिंदर सिंह के आभारी हैं कि वह बटाला को पंजाब का 24वां जिला घोषित करने के मामले पर ध्यान दे रहे हैं। बाजवा ने एक ट्वीट में कहा, ''बटाला के लोग लंबित मांग पर जवाब के लिए सरकार के जायज़ फ़ैसले की उम्मीद कर रहे हैं.'' आपको बता दे कि सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि वह पंजाब के इतिहास और संस्कृति में बटाला की खासियत और जनता की भावनओं को जानते है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए फ़ैसला किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: पंजाब में BJP ने तीन केन्द्रीय मंत्री और एक सांसद को सौंपी चुनाव की कमान, यह है मास्टर प्लान












Click it and Unblock the Notifications