फरवरी के अंत तक खुल जाएगा शेरपुर चौक पर बन रहा रेल ओवर ब्रिज: AAP सांसद संजीव अरोड़ा
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा ने बताया है कि उन्हें NHAI की ओर से उनके खत का जवाब मिल गया है, जिसमें कहा गया है कि शेरपुर चौक का रेल ओवर ब्रिज 28 फरवरी तक खुल सकता है।

राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के सांसद और लुधियाना के बड़े व्यापारियों में से एक संजीव अरोड़ा ने बताया है कि शेरपुर चौक पर बन रहे रेल ओवर ब्रिज को इस महीने के अंत तक खोल दिया जाएगा। अभी यह ब्रिज निर्माणाधीन है। संजीव अरोड़ा ने बताया है कि फरवरी के अंत तक इसे ट्रैफिक के लिए खोल दिया जाएगा। संजीव अरोड़ा ने विवरण साझा करते हुए कहा है कि एनएचएआई के अध्यक्ष ने आज अपने पत्र में मुझे यह जानकारी दी है कि शेरपुर चौक पर रेल ओवर ब्रिज को 28 फरवरी तक खोल दिया जाएगा।
28 फरवरी तक खोला जा सकता है ROB
संजीव अरोड़ा ने बताया कि उन्होंने 5 जनवरी को NHAI चेयरमैन को एक खत लिखा था, जिसमें उन्होंने इस प्रोजेक्ट से संबंधित जानकारी मांगी थी। उनके खत के जवाब में NHAI ने बताया है कि एनएचएआई द्वारा मामले की जांच की गई है और ये सूचित किया है कि एनएच-44(शेरपुर चौक) पर आरओबी का निर्माण पूरा होने वाला है और 28 फरवरी, 2023 तक यातायात के लिए खोले जाने की संभावना है। इसके अलावा लाडोवाल बाईपास पर सिधवां नहर पर चार पुलों के निर्माण का प्रस्ताव भी विचाराधीन है।
बता दें कि अरोड़ा ने इस साल 5 जनवरी को एनएचएआई के चेयरमैन से मुलाकात की थी और उन्हें लुधियाना शहर में लंबित कार्यों से संबंधित एक पत्र सौंपा था। उन्होंने एनएचएआई के अध्यक्ष को अवगत कराया था कि जिले में और आसपास एनएचएआई की लंबित परियोजनाओं के कारण बड़े पैमाने पर जनता और यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने शेरपुर बाईपास के लम्बित कार्य को शीघ्र पूरा करने की मांग करते हुए कहा कि लम्बित परियोजना वास्तव में प्रतिदिन यात्रियों के लिए परेशानी पैदा कर रही है क्योंकि 500 मीटर के पैच को पार करने में लगभग 30 मिनट का समय लगता है। उन्होंने एनएचएआई के अध्यक्ष को यह भी अवगत कराया था कि लुधियाना में साउथ सिटी की ओर सिधवां नहर के चार पुलों का निर्माण अभी तक नहीं हुआ है, जिसके लिए एनएचएआई के पास लंबे समय से आवेदन लंबित था।
उन्होंने अध्यक्ष से व्यक्तिगत रूप से मामले को देखने और आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया था। संजीव अरोड़ा ने कहा है, "मैं एनएचएआई के अध्यक्ष संतोष कुमार यादव को जनहित में किए गए मेरे अनुरोध के लिए धन्यवाद देता हूं।"












Click it and Unblock the Notifications