पंजाब: विधायक रुपिंदर कौर रूबी कांग्रेस में शामिल, कल ही दिया था आप से इस्तीफा
चंडीगढ़, 10 नवंबर: पंजाब की बठिंडा ग्रामीण विधानसभा सीट से विधायक रुपिंदर कौर रूबी कांग्रेस में शामिल हो गई हैं। रूबी ने एक दिन पहले मंगलवार को ही आम आदमी पार्टी (आप) से इस्तीफा दिया था। इसके एक दिन बाद आज चंडीगढ़ मे पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की मौजूदगी में उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ले ली।

रुपिंदर कौर रूबी के कांग्रेस में आने पर चरणजीत सिंह चन्नी और नवजोत सिद्धू ने उनका स्वागत किया है। वहीं कांग्रेस में शामल होने के अपने फैसले पर बोलते हुए रुपिंदर कौर ने कहा कि सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब में सीएम पद संभालने के बाद कमाल का काम किया है। बीते 50 दिनों की सरकार में सीएम चन्नी ने कमाल का काम किया है। वो चरणजीत चन्नी के काम और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी नेता प्रियंका गांधी की महिलाओं के प्रति सोच से प्रभावित होकर कांग्रेस में आई हैं।
आम आदमी पार्टी छोड़ने को लेकर रुपिंदर कौर ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने जिन बदलावों की बात की थी, उनसे वो प्रभावित हुई थीं और आप में शामिल हुई थीं। हकीकत ये है कि जो बातें केजरीवाल ने कही थीं, उन पर पार्टी नहीं चल रही है। ऐसे मे मैंने आम आदमी पार्टी छोड़ने और कांग्रेस में आने का फैसला लिया।

Recommended Video
पंजाब में कांग्रेस सत्ताधारी दल है जबकि आम आदमी पार्टी मुख्य विपक्षी दल है। रुपिंदर कौर रूबी आम आदमी पार्टी से विधायक थीं। उन्होंने मंगलवार को पार्टी छोड़ने का ऐलान किया था। इसके बाद उनकी नई राजनीतिक पारी को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। आज कांग्रेस में जाते हुए उन्होंने अटकलों को विराम दे दिया।
सोशल मीडिया पर किया था आप छोड़ने का ऐलान
रुपिंदर कौर रूबी ने सोशल मीडिया पर आम आदमी पार्टी छोड़ने का ऐलान किया था। पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल और पंजाब में पार्टी के अध्यक्ष भगवंत मान को टैग करते हुए उन्होंने लिखा था- मैं रुपिंदर कौर रूबी विधायक बठिंडा ग्रामीण आम आदमी पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे रही हूं। इस्तीफा स्वीकार करें।












Click it and Unblock the Notifications