Punjab: आनंदपुर साहिब में होला मोहल्ला उत्सव में बवाल, कनाडा से आए NRI की हत्या
पंजाब में एक एनआरआई की हत्या का मामला सामने आया है। कुछ लोगों से गाना बजाने को लेकर उसका विवाद हो गया था।

पंजाब में भी बुधवार को होली का त्योहारा धूमधाम से मनाया गया, लेकिन आनंदपुर साहिब में आयोजित होला मोहल्ला उत्सव में एक बड़ा झगड़ा हो गया। जिसमें एनआरआई की हत्या कर दी गई, जो कनाडा से पंजाब आया था। युवक सैनिकों के परिवार से ताल्लुक रखता है। फिलहाल पंजाब पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक प्रदीप सिंह होली से एक दिन पहले मंगलवार को श्री आनंदपुर साहिब में माथा टेकने गए थे। वहां पर कुछ लोग जीप पर लाउडस्पीकर लगाकर गाना बजा रहे थे। जिस पर प्रदीप ने आपत्ति जताई। इसके बाद वहां मौजूद लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि गाना बजा रहे लोगों ने चाकू मारकर प्रदीप की हत्या कर दी। प्रदीप के पिता गुरबख्श सिंह भारतीय सेना में तैनात हैं। वो ऑनरेरी कैप्टन हैं और इस साल मई में ही उनकी रिटायरमेंट थी। उनके बाबा और चाचा भी भारतीय सेना में ही थे।
मीडिया से बात करते हुए प्रदीप के चाचा गुरदयाल सिंह ने कहा कि वो 12वीं की पढ़ाई के बाद 2016 में कनाडा चला गया था। अब वो वहां का स्थायी निवासी था। उसकी छोटी बहन भी कनाडा में ही है। पिछले साल सितंबर में वो घर की शादी में शामिल होने के लिए भारत आया था। शादी के बाद वो टैटू बनाना सीखने के लिए रुक गया। जनवरी में उसको वापस कनाडा जाना था, लेकिन परिवार को पटना साहिब तीर्थ यात्रा ले जाने के लिए वो रुक गया।
इसके बाद उसका दोस्त गुरदर्शन सिंह कनाडा से आया और वो उनके साथ आनंदपुर साहिब चला गया। गुरुद्वारा जाते वक्त उसने देखा कि कुछ लोग तेज आवाज में गाना बजाते हुए हुड़दंग कर रहे थे। जिस पर वो रुक गया और आवाज कम करने के लिए बहस करने लगा। गुरदयाल का आरोप है कि हुड़दंग करने वालों उसको चाकू मार दिया। घटना के बाद पहुंची पुलिस टीम ने जीप को जब्त कर लिया है। साथ ही आरोपी की पहचान नूरपुरबेदी के निरंजन सिंह के रूप में हुई है। घटना में वो भी घायल हुआ था, जिसको चंडीगढ़ पीजीआई में भर्ती करवाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications