पंजाबी सिंगर जानी जोहान ने पंजाब सरकार से मांगी सुरक्षा, गैंगस्टर्स की धमकियों के चलते परिवार को विदेश भेजा
नई दिल्ली, 3 अगस्त: पंजाबी गायक-गीतकार जानी जोहान ने राज्य के मुख्यमंत्री को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने पुलिस प्रोटेक्शन की मांग की। जानी का दावा है कि उन्हें कुछ गैंगस्टर्स जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। ऐसे में उन्होंने सीएम के साथ एडीजीपी और एसएसपी मोहाली से भी अपनी सुरक्षा बढ़ाने का अनुरोध किया है। अभी कुछ दिनों पहले उनकी कार भयानक हादसे का शिकार हुई थी। जिसमें उनको कई जगहों पर चोट लगी।

अपने पत्र में जानी ने कहा कि उन्हें और उनके मैनेजर दिलराज सिंह नंदा को असामाजिक तत्वों, गैंगस्टरों आदि से कई बार धमकी भरे फोन कॉल्स आए थे। ऐसे में उनको डर है कि उनके या फिर परिवार के ऊपर हमला हो सकता है। इन्हीं धमकियों के डर से वो अपने परिवार को विदेश भेज चुके हैं। अब वो और उनके मैनेजर धमकियों के कारण मानसिक दबाव से गुजर रहे। उन्होंने आगे कहा कि दिनदहाड़े सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद, पंजाबी कलाकार अपनी सुरक्षा के प्रति ज्यादा सतर्क हो गए हैं और पंजाब के विभिन्न स्थानों पर वो शूटिंग करते वक्त काफी कठिनाइयों का सामना करते हैं।
फार्च्यूनर के उड़े परखच्चे
अभी पिछले महीने जानी और उनके दोस्त अपनी फार्च्यूनर से मोहाली के सेक्टर 88 जा रहे थे। तभी एक रेड लाइट पर एक दूसरी कार से उनकी टक्कर हो गई। इसके बाद जानी की गाड़ी पूरी तरह से पलट गई। इस घटना में उनको कई जगहों पर चोट लगी थी। हालांकि वक्त रहते उनको एक निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया था। ऐसे में अब वो रिकवर हो चुके हैं।
मई में हुई थी मूसेवाला की हत्या
आपको बता दें कि 29 मई को लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने पंजाबी गायब सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना से एक दिन पहले पंजाब सरकार ने 424 लोगों की सुरक्षा वापस ली थी, जिसमें मूसेवाला का भी नाम शामिल था। हालांकि जुलाई में हुई एक मुठभेड़ में इस हत्याकांड में शामिल बदमाश ढेर कर दिए गए।












Click it and Unblock the Notifications