Punjab Politics: पंजाब में सियासी खिचड़ी तेज! क्या टूटेगी पुरानी दूरियां? BJP गठबंधन पर अकाली दल का बड़ा संकेत
Punjab Politics: पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव (Punjab Assembly Election 2027) से पहले राजनीतिक माहौल गर्माता जा रहा है। इसी बीच शिरोमणि अकाली दल (पुनर-सुरजीत) की नेता बीबी जागीर कौर के एक बयान ने राज्य की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है।
उन्होंने साफ कहा है कि यदि पंथिक मुद्दों का सम्मानजनक समाधान होता है, तो उनकी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ गठबंधन के लिए तैयार है।

Shiromani Akali Dal-BJP Alliance: पंथिक मुद्दों पर टिकी BJP संग गठबंधन की शर्त
बीबी जागीर कौर ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता सत्ता नहीं, बल्कि सिख समुदाय से जुड़े पंथिक मुद्दे हैं। उन्होंने कहा कि अगर इन मुद्दों पर सकारात्मक रुख अपनाया जाता है और समुदाय की भावनाओं का सम्मान होता है, तभी किसी भी तरह के राजनीतिक गठबंधन पर विचार किया जा सकता है। उनका यह बयान इस ओर इशारा करता है कि आने वाले चुनावों में मुद्दा-आधारित गठबंधन देखने को मिल सकता है।
बीबी जागीर कौर ने स्पष्ट किया कि भाजपा के साथ किसी भी प्रकार का राजनीतिक समझौता केवल पंजाब और सिखों के हितों पर ही आधारित होगा। उन्होंने कहा- "हम भाजपा के साथ गठबंधन के प्रति पूरी तरह बंद नहीं हैं, लेकिन हमारी पहली शर्त पंथिक मुद्दों का समाधान है। इसमें बंदी सिखों की रिहाई, धार्मिक मामलों में सरकारी हस्तक्षेप का अंत और एसजीपीसी के चुनावों का समय पर आयोजन जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।"
अकाली दल-BJP का पुराना रिश्ता, फिर कैसे आई पुरानी दोस्ती में दरार?
गौरतलब है कि भाजपा और शिरोमणी अकाली दल का गठबंधन 1996 से चला आ रहा था, जो 2021 में किसान आंदोलनों के दौरान टूट गया था। 2022 के विधानसभा चुनाव दोनों ने अलग-अलग लड़े थे, जहां अकाली दल को केवल 3 और भाजपा को 2 सीटें मिली थीं। इसके बाद से दोनों दल अलग-अलग चुनाव लड़ते रहे हैं, लेकिन बदलते राजनीतिक हालात अब एक बार फिर संभावित नजदीकियों की ओर इशारा कर रहे हैं। अब बीबी जागीर कौर के इस रुख से संकेत मिल रहे हैं कि पंजाब में एक बार फिर 'पुराने साथियों' का मेल हो सकता है, लेकिन इस बार चेहरे और शर्तें बदली हुई होंगी।
पंजाब में बहुकोणीय मुकाबला, क्या है BJP की रणनीति और समीकरण?
पंजाब की राजनीति में फिलहाल आम आदमी पार्टी (AAP), कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा जैसे कई खिलाड़ी सक्रिय हैं। ऐसे में किसी एक पार्टी के लिए स्पष्ट बहुमत हासिल करना आसान नहीं माना जा रहा। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, इसी वजह से छोटे दलों और क्षेत्रीय नेताओं की भूमिका इस बार निर्णायक हो सकती है। बीबी जागीर कौर का बयान इसी संभावित गठबंधन राजनीति की झलक देता है।
भाजपा पिछले कुछ समय से पंजाब में अपने संगठन को मजबूत करने में जुटी है और नए सहयोगियों की तलाश भी कर रही है। ऐसे में अकाली दल (पुनर-सुरजीत) की ओर से आया यह संकेत भाजपा के लिए एक अवसर के तौर पर देखा जा सकता है। हालांकि, पार्टी की ओर से इस बयान पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
क्या चुनाव से पहले बन पाएगा नया राजनीतिक समीकरण?
बीबी जागीर कौर के इस बयान ने यह साफ कर दिया है कि पंजाब में आने वाले चुनाव सिर्फ दलों की लड़ाई नहीं, बल्कि मुद्दों और गठबंधनों की राजनीति पर भी केंद्रित होंगे। अब नजर इस बात पर टिकी है कि क्या पंथिक मुद्दों पर सहमति बनती है और क्या यह संभावित गठबंधन जमीन पर उतर पाता है या नहीं।
पंजाब में चुनावी मुकाबला जैसे-जैसे करीब आएगा, वैसे-वैसे राजनीतिक बयानबाजी और गठबंधन की चर्चाएं और तेज होंगी। बीबी जागीर कौर का यह बयान उसी बदलते राजनीतिक माहौल का संकेत है, जो आने वाले दिनों में और दिलचस्प रूप ले सकता है।














Click it and Unblock the Notifications