पहली कैबिनेट बैठक में पंजाब सरकार का बड़ा फैसला, 25000 सरकारी नौकरियों का प्रस्ताव पारित
नई दिल्ली, 19 मार्च: पंजाब की जनता ने इस बार अकाली दल, बीजेपी और कांग्रेस की जगह आम आदमी पार्टी पर भरोसा जताया। जिस वजह से AAP ने पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाई। अब उसके सामने सबसे बड़ी चुनौती पंजाब को भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, नशा आदि से मुक्त बनाना है, जिसके लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान धड़ाधड़ फैसले ले रहे हैं। जिस वजह से AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल भी उनकी तारीफ करते रहते हैं।

पंजाब सीएम भगवंत मान ने शनिवार को अपनी कैबिनेट के साथ पहली बैठक की। जिसमें कुल 25,000 सरकारी नौकरियां प्रदान करने का प्रस्ताव पारित किया गया। पंजाब सरकार के मुताबिक इसमें 10000 रिक्तियां पंजाब पुलिस विभाग के लिए हैं, जबकि अन्य विभागों के लिए 15 हजार पद सृजित हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि सीएम के इस फैसले से बेरोजगारी को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।
गुरुवार को हुआ था बड़ा ऐलान
भगवंत मान ने गुरुवार सुबह एक ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने लिखा कि पंजाब की जनता के हित में आज एक बहुत बड़ा फैसला लिया जाएगा। पंजाब के इतिहास में आज तक किसी ने ऐसा फैसला नहीं लिया होगा। कुछ ही देर में ऐलान करूंगा। इसके बाद दोपहर में एक दूसरे ट्वीट में सीएम ने लिखा कि भगत सिंह जी के शहीदी दिवस पर, हम एंटी-करप्शन हेल्पलाइन नम्बर जारी करेंगे। वो मेरा पर्सनल वॉट्सऐप नंबर होगा। अगर आपसे कोई भी रिश्वत मांगे, उसकी वीडियो/ऑडियो रिकॉर्डिंग करके मुझे भेज देना। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। पंजाब में अब भ्रष्टाचार नहीं चलेगा।












Click it and Unblock the Notifications