पंजाब: इंतकाल के पेंडिंग मामलों का नया रिकॉर्ड, 1 दिन में 31,538 केस दर्ज, 15 जनवरी को फिर लगेंगे कैंप
Punjab Mutation Camp: पंजाब की जनता की सहूलियत के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान एक के बाद एक नए कदम उठा रहे हैं। इसी कड़ी में जमीन से जुड़े मामलों में भ्रष्टाचार रोकने के लिए और राज्य की तहसीलों और सब तहसीलों में जनहित को ध्यान में रखते हुए इंतकाल के लंबित मामलों को निपटाने के लिए विशेष कैंप लगाए गए।
सीएम मान ने 15 जनवरी को इंतकाल के पेंडिंग मामले निपटाने के लिए एक और विशेष कैंप लगाने की घोषणा की है। 6 जनवरी (शनिवार) को छुट्टी वाले दिन पूरे पंजाब की तहसीलों और सब-तहसीलों में इंतकाल के पेंडिंग मामले निपटाने के लिए विशेष कैंप लगाए गए। जिसके एक दिन में 31,538 इंतकाल मामले निपटाए गए। जो कि एक रिकॉर्ड है।

विशेष कैंप के दौरान कैबिनेट मंत्री ब्रह्म शंकर जिंपा ने खुद होशियारपुर, फगवाड़ा, फिल्लौर, लुधियाना पूर्वी, लुधियाना पश्चिमी और शहीद भगत सिंह नगर तहसीलों का दौरा करके स्थिति का जायजा लिया।
6 जनवरी को राज्य भर में आयोजित विशेष इंतकाल शिविरों की सफलता से उत्साहित पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को 15 जनवरी को राज्य में इसी तरह के शिविर आयोजित करने की घोषणा की है। रविवार को जारी एक बयान में मुख्यमंत्री ने कहा कि शनिवार को आयोजित शिविरों को आम जनता से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है।
उन्होंने कहा कि राज्य भर की सभी तहसीलों और उप-तहसीलों परिसरों में आयोजित इन शिविरों से लोगों को काफी लाभ हुआ। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इन शिविरों ने इंतकाल के लंबित मामलों का समाधान सुनिश्चित करके लोगों को बड़ी राहत दी है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इन शिविरों में इंतकाल के 31,000 से अधिक लंबित मामलों का निपटारा किया गया है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है कि इस तरह के शिविर लगाकर एक ही दिन में इतनी बड़ी संख्या में लंबित मामलों का निपटारा किया गया है।
भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह 'नए युग की शुरुआत' है क्योंकि लोगों को नागरिक केंद्रित सेवाएं मिल रही हैं, वह भी बिना किसी असुविधा के। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता की सुविधा के लिए राज्य सरकार आने वाले समय में भी ऐसे जनहितैषी प्रयास जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि 15 जनवरी को पूरे राज्य में इसी तरह का शिविर लगाया जायेगा ताकि लंबित मामलों का भी निपटारा किया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications