जनहित के मुद्दों पर भगवंत मान सरकार को सलाह देगी सुझाव कमेटी, राघव चड्ढा हो सकते हैं चेयरमैन
चंडीगढ़, 10 जुलाई। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार आम जनों की समस्या का समाधान करने के लिए नए तरीके अपना रही है। पंजाब सरकार इसको लेकर एक उच्च स्तरीय एडवायजरी कमेटी का गठन करने जा रही है। यह कमेटी सरकार को जनहित से जुड़े मुद्दों पर सलाह देगी। माना जा रहा है कि वरिष्ठ आप नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को इस कमेटी का चेयरमैन बनाया जा सकता है। इसके साथ ही उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी दिया जा सकता है। हालांकि इस कमेटी को अलग से कोई सैलरी या भत्ता नहीं मिलेगा। लेकिन इस बारे में अभी स्पष्ट तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। राघव चड्ढा ने भी इसको लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

इसे भी पढ़ें- MP: "टाइगर" के कारण खत्म हो जाएगा "नौरादेही अभयारण्य" का नाम, जानिए आखिर ऐसा क्यों होगा
मुख्य सचिव की ओर से एक नोटिफिकेशन जारी करके कहा गया है कि कमेटी में एक चेयरमैन होगा जबकि बाकी के लोग इसके सदस्य होंगे। यह कमेटी अधिकारियों के साथ सीधे बैठक कर सकती है और उन्हें कामकाज के लिए निर्देश दे सकती है। हालांकि किसी भी काम को अंतिम तौर पर स्वीकृति मुख्यमंत्री भगवंत मान ही देंगे और उन्ही के निर्देश पर काम होगा।
पंजाब सरकार का कहना है कि इस कमेटी के जरिए प्रदेश सरकार प्रशासनिक कामों को तेज करना चाहती है। माना जा रहा है कि यह कमेटी दिल्ली-पंजाब के बीच अप्रैल माह में जो नॉलेज शेयरिंग हुई थी उसी के आधार पर हो गठित हो रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किया था। हालांकि इसके बाद इस समझौते पर कुछ खास कदम नहीं उठाया गया, लेकिन अब माना जा रहा है कि यह कमेटी पंजाब में जन समस्याओं के समाधान में अहम भूमिका निभा सकती है।












Click it and Unblock the Notifications