पंजाब में आप की धमाकेदार जीत पर बोले केजरीवाल- लव यू पंजाबियो, तुस्सी कमाल कर दित्ता
नई दिल्ली, 10 मार्च: पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की बड़ी जीत के बाद पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि पंजाबवासियों ने आज कमाल कर दिया है। उन्होंने कहा, मुझे आतंकी कहने वालों के लिए भी ये जवाब है कि मैं क्या हूं। आज पंजाब में बहुत बड़ा इंकलाब का दिन है। पंजाब में बड़ी-बड़ी कुर्सियां हिल गईं हैं। सुखबीर सिंह बादल, कैप्टन अमरिंदर सिंह, चरणजीत सिंह चन्नी, प्रकाश सिंह बादल, नवजोत सिंह सिद्धू, बिक्रम मजीठिया हार गए हैं।

दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, हमने ईमानदार राजनीति की शुरूआत की। लोगों के काम की शुरूआत की है। यह इतना आसान नहीं है। यह सारे मिलकर हम लोगों को रोकना चाहते हैं। पंजाब में कितने बड़े-बड़े षड्यंत्र हुए और AAP के खिलाफ इकट्ठे हो गए लेकिन हमें जीत मिली। इन नतीजों के जरिए जनता ने बोल दिया कि केजरीवाल आतंकवादी नहीं है बल्कि देश का सच्चा सपूत और देशभक्त है।
भगत सिंह ने एक बार कहा था कि अगर हम अंग्रेजों के जाने के बाद व्यवस्था नहीं बदलते हैं, तो कुछ नहीं होगा। अफसोस की बात है कि पिछले 75 वर्षों में इन पार्टियों और नेताओं की ब्रिटिश व्यवस्था एक जैसी थी, वे देश को लूट रहे थे, कोई स्कूल/अस्पताल नहीं बने थे। आप ने व्यवस्था बदली है, जिसे आज देश देख रहा है।
मान को दी शुभकामनाएं
केजरीवाल ने आगे कहा, मैं अपने छोटे भाई भगवंत मान को पंजाब का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई देना चाहता हूं। आप ने 90 से ज्यादा सीटों को पार किया, नतीजे अभी आ रहे हैं; लोगों ने हम पर बहुत भरोसा किया है, हम इसे नहीं तोड़ेंगे। हम इस देश की राजनीति बदल देंगे।
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पंजाब में जीत पर कहा कि पूरे देश में इस बात को स्वीकारा जा रहा है कि अरविंद केजरीवाल का काम करने का जो मॉडल है, वह अब राष्ट्रीय हो गया है। पंजाब के लोगों ने वोट नहीं दिया है बल्कि मौका दिया है अरविंद केजरीवाल को। लोगों को अब विकल्प मिल गया है।












Click it and Unblock the Notifications