'अंग्रेजों को नौकरी देने' वाले बयान पर घिरे भगवंत मान, कांग्रेस बोली- यह कोई कॉमेडी सर्कस चल रहा है क्या?
चंडीगढ़, अप्रैल 11। 'अंग्रेजों को नौकरी देने' वाले बयान पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान विपक्ष के निशाने पर आ गए हैं। पंजाब कांग्रेस ने भगवंत मान की इस टिप्पणी को लेकर कहा है कि यह कोई मजाक हो रहा है? पंजाब कांग्रेस के नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजकुमार वेरका ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार स्थानीय समस्याओं को ही हल करने में सक्षम नहीं है और मुख्यमंत्री हैं कि विदेशियों को नौकरी देने की बात कह रहे हैं।
Recommended Video

'पंजाब की जनता के साथ हुआ विश्वासघात'
वेरका ने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी के नेतृत्व ने मुफ्त के नाम पर पंजाब की जनता को सिर्फ बेवकूफ बनाया है। कांग्रेस नेता ने आप से सवाल किए कि क्या आपने पंजाब के लोगों को नौकरी दी, जो नौकरियों के लिए रो रहे हैं। बिजली की 300 फ्री यूनिट कहां हैं, जिनका वादा आपने किया था और महिलाओं को 1000 रुपए देने का वादा जो किया था वो कहां गया?
यह कोई कॉमेडी सर्कस चल रहा है?
कांग्रेस नेता राजकुमार वेरका ने आगे कहा कि क्या मुख्यमंत्री पंजाब में काम करने आने वाली विदेशी महिलाओं को भी 1000-1000 रुपए देंगे? या फिर वो विदेशियों को भी फ्री बिजली देंगे। यह कोई कॉमेडी सर्कस चल रह है ? वेरका ने आरोप लगाया कि पंजाब में भगवंत मान के सीएम बनने का बाद से कानून व्यवस्था की हालत खस्ता हो गई है। इन लोगों ने पंजाब में चुनाव से पहले जो वादे किए थे, उनपर इनका ध्यान नहीं है।
क्या कहा था भगवंत मान ने?
आपको बता दें कि भगवंत मान शनिवार को बठिंडा में महाराजा रणजीत सिंह पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी में छात्रों को संबोधित करने पहुंचे थे। यहां उन्होंने कहा था कि हमारी सरकार एक ऐसी योजना बना रही है, जिसके लागू होने के बाद संभवत: विदेशों से लोग पंजाब में काम की तलाश में आएंगे। भगवंत मान ने कहा था कि पंजाब से बड़ी संख्या में लोग विदेश जाते हैं, लेकिन हम यहीं पर ऐसे अवसर पैदा करेंगे कि अंग्रेजों को नौकरी के लिए यहां आना पड़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications