Bathinda Firing: एक मिनट में 600 से ज्यादा गोलियां दाग सकती है इंसास, कारगिल में था अहम रोल
माना जा रहा Bathinda firing में इंसास राइफल का इस्तेमाल हुआ। ये राइफल चरणबद्ध तरीके से रिटायर की जा रही लेकिन इसे काफी घातक माना जाता है।

पंजाब के बठिंडा में बुधवार सुबह एक बड़ी घटना हुई, जहां मिलिट्री स्टेशन में एक अज्ञात हमलावर ने फायरिंग कर दी। इस घटना में चार जवानों की जान गई। माना जा रहा कि दो दिन पहले स्टेशन में जो इंसास राइफल चोरी हुई थी, उसका इस्तेमाल घटना में हुआ। आइए जानते हैं कि इंसास राइफल कितनी घातक है-
INSAS एक लाइट मशीनगन है, जिसका इस्तेमाल भारतीय सेना, अर्धसैनिक बल और कई राज्यों की पुलिस करती है। इसका पूरा नाम इंडियन स्मॉल आर्म्स सिस्टम है और ये पहली बार 1990 में भारतीय सेना में शामिल हुई। कारगिल युद्ध में भी इसकी अहम भूमिका थी। इसी से सैकड़ों पाकिस्तानी घुसपैठिए मारे गए थे।
INSAS सिंगल शॉट और तीन-राउंड का बर्स्ट फायर सकती है। इससे एक मिनट में 650 गोलियां दागी जा सकती हैं। इसमें 20 से 30 राउंड की मैगजीन लगती है। इस गन की मजल वेलोसिटी 915 मीटर प्रति सेकेंड है, जबकि इसकी रेंज 400 मीटर तक मानी जाती है।
क्या है निगेटिव प्वाइंट?
लंबी रेंज में ये राइफल अप्रभावी मानी जाती है, जिस वजह से इसको सेना और अर्धसैनिक बलों से चरणबद्ध तरीके से रिटायर किया जा रहा। इसकी जगह एके-47, AK-203 असाल्ट राइफल आदि ले रहे, जो काफी ज्यादा हाईटेक हैं।
बठिंडा में चोरी हुई थीं गोलियां
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दो दिन पहले बठिंडा मिलिट्री स्टेशन से एक इंसास राइफल और 28 राउंड चोरी हुई थी। बुधवार सुबह 4.35 बजे ऑफिसर मेस में फायरिंग की आवाज आई, जब तक सुरक्षाकर्मी वहां पहुंचे तब तक चार जवानों की मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा कि हमलावर सादे कपड़ों में था। वो अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। इसके तुरंत बाद पूरे स्टेशन को सील कर दिया गया। क्विक रिस्पांस टीम के जवान हर जगह तलाशी ले रहे, लेकिन अभी तक हमलावर का पता नहीं चल पाया है। वहां पर मौजूद सिविलियंस को घरों में रहने की सलाह दी गई है।
आतंकी घटना नहीं
मिलिट्री स्टेशन में गोली चलने की खबर जैसे सामने आई, वैसे इसे आतंकी हमला माना गया, लेकिन पंजाब पुलिस ने तुरंत इसका खंडन कर दिया। बठिंडा एसएसपी के मुताबिक ये आंतरिक मामला है। माना जा रहा कि जवानों में आपस में झड़प हुई है, जिसमें हथियार का इस्तेमाल हुआ। पंजाब पुलिस सेना के साथ मिलकर जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications