पंजाब विधानसभा में सिख गुरुद्वारा (संशोधन) विधेयक पारित, गुरबाणी का स्वर्ण मंदिर से होगा फ्री टेलीकास्ट
पंजाब विधानसभा में मंगलवार को सिख गुरुद्वारा (संशोधन) विधेयक, 2023 पारित किया गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इससे पहले विधानसभा में विधेयक पेश किया। इस विधेयक का मकसद श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) से 'गुरबाणी' का टेलीकास्ट फ्री करना है। इसके लिए किसी भी टेंडर की जरूरत नहीं है।
इससे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जानकारी देते हुए कहा था कि नए अधिनियम में पंजाब सरकार गुरबाणी के प्रसारण के लिए नियम और शर्तें लाएगी, जिसमें प्रसारण के 30 मिनट पहले और बाद में कोई व्यावसायिक विज्ञापन नहीं चलेगा।

बिल पास होने पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रतिक्रिया देते कहा है कि पीटीसी चैनल को इसका विरोध नहीं करना चाहिए। इसी के साथ उन्होंने कहा कि जो लोग नियमों का पालन नहीं करेंगे, उन्हें प्रसारण की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सीएम मान ने कहा कि गुरबाणी के प्रसारण पर केवल एक चैनल का नियंत्रण है। अब, इस चैनल को लाइव गुरबाणी की मुफ्त फीड भी मिलेगी, जिसके लिए वे पहले भुगतान कर रहे थे।
भगवंत मान कैबिनेट ने सोमवार को इस बिल पर बड़ा फैसला लेते हुए अमृतसर के स्वर्ण मंदिर से गुरबानी का फ्री-टू-एयर प्रसारण सुनिश्चित करने के लिए ब्रिटिश काल के सिख गुरुद्वारा अधिनियम, 1925 में संशोधन को मंजूरी दी थी।
बता दें, वर्तमान में स्वर्ण मंदिर से गुरबानी का प्रसारण 'पीटीसी' द्वारा किया जाता है, जो एक निजी चैनल है, जिसे अकसर शिरोमणि अकाली दल के बादल परिवार से जोड़ा जाता है।












Click it and Unblock the Notifications