CM चन्नी के फ़ैसले से पंजाब से लेकर बिहार तक गरमाई सियासत, जानिए किस नेता ने क्या कहा ?
पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र पंजाब सरकार जनता को लुभाने के लिए हर मुमकिन कोशिशे कर रही हैं। इसी कड़ी में सीएम चन्नी लगातार फ़ैसले ले रहे हैं।
चंडीगढ़, 15 नवम्बर, 2021। पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र पंजाब सरकार जनता को लुभाने के लिए हर मुमकिन कोशिशें कर रही हैं। इसी कड़ी में सीएम चन्नी लगातार फ़ैसले ले रहे हैं। हाल ही मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने 26 जनवरी को लाल किला हिंसा में गिरफ्तार 83 लोगों को दो लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। जिसके बाद पंजाब से लेकर बिहार तक सियासत गरमा गई है। ग़ौरतलब है कि सरकार ने यह फ़ैसला विधानसभा कमेटी की रिपोर्ट के बाबत लिया है। जिसे विधानसभा के विशेष सत्र के दूसरे दिन सदन में पेश किया गया था।

CM चन्नी पर साधा निशाना
सीएम चन्नी के इस फ़ैसले पर भारतीय जनता पार्टी पंजाब के महासचिव सुभाष शर्मा ने अपना वीडियो ट्विटर पर शेयर कर सीएम चन्नी के लाल किला हिंसा के आरोपितों को मुआवज़ा देने के फ़ैसले की आलोचना की। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आरोपितों को मुआवज़ा देने से यह साबित होता है कि कि देश को शर्मसार करने वाली हिंसा कांग्रेस द्वारा प्रायोजित थी। कांग्रेस हमेशा देश तोड़ने वाली शक्तियों के साथ रही है। इसके साथ ही उन्होंने पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस हिंसा में कांग्रेस की भूमिका की एनआइए से जांच करवाने की मांग की है।

देशद्रोहियों पर लुटा रहे हैं कमाई- अश्वनी शर्मा
भारतीय जनता पार्टी पंजाब के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने भी सीएम चन्नी के ऐलान की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सीएम चन्नी लोगों से लिए गए टैक्स की कमाई देशद्रोहियों पर लुटा रहे हैं। सवाल करते हुए उन्होंने कहा की सीएम चन्नी ऐसी घोषणा कैसे कर सकते हैं ? चन्नी बताएं कि उन्हें ऐसे राष्ट्रविरोधी तत्वों पर पंजाब की जनता के टैक्स की कमाई लुटाने की इजाज़त किसने दी ? उन्होंने कहा किसान आंदोलन के नाम पर 26 जनवरी को कथित उपद्रवियों और असमाजिक तत्वों ने लाल किले पर गुंडागर्दी कर राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किया। किसान आंदोलन कांग्रेस की उपज है और चन्नी का इसे खुलकर समर्थन देना इस बात का साफ़ प्रमाण है।

AAP विधायक ने भी साधा निशाना
आम आदमी पार्टी की विधायक सरबजीत कौर माणुके ने कहा कि विधानसभा कमेटी के चेयरमैन और कांग्रेस विधायक कुलदीप वैध ने कमेटी सदस्यों से बिना राय मशवरा किए ही सदन में रिपोर्ट पेश कर दी है। इसमें न तो हमारे हस्ताक्षर हैं और न ही हमें पता है कि रिपोर्ट में क्या लिखा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार पर बिना वजह उंगली उठाई गई है, जबकि सब जानते हैं दिल्ली पुलिस आम आदमी पार्टी के नहीं केंद्र सरकार के अंदर है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट तैयार करने के लिए कमेटी के चेयरमैन ने कमेटी में शामिल अन्य विधायकों से कोई बात नहीं की है। बिना राय शुमारी के ही सदन में विधानसभा कमेटी के चेयरमैन कुलदीप वैध ने सदन में रिपोर्ट पेश की है।

सुशील मोदी और अनिल विज का तंज़
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के फैसले को शर्मनाक और देश के हित के खिलाफ़ बताया है। उन्होंने सीएम चन्नी के फैसले की आलोचना करते हुए कहा कि "यह पंजाब सरकार का शर्मनाक फैसला है। कानून का उल्लंघन करने वालों को मुआवजा देना देश के हित में नहीं है। वहीं इस मामले वरिष्ठ भाजपा नेता और राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री चरण जीत सिंह चन्नी भी संविधान की शपथ लेकर कुर्सी पर बैठे हैं, लेकिन वे कानून तोड़ने और राष्ट्रीय पर्व को कलंकित करने वालों को पुरस्कृत करने की गलत परिपाटी शुरू कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार अभियुक्तों को पंजाब सरकार ने दो-दो लाख रुपये देने फैसला लिया है यह बहुत ही शर्मनाक और तोड़फोड़ को बढ़ावा देने वाला फ़ैसला है।
ये भी पढ़ें: पंजाब :CM का चेहरा घोषित नहीं करने से आम आदमी पार्टी मे बढ़ रही अंदरूनी कलह, जानिए क्या है पूरा मामला












Click it and Unblock the Notifications