नवजोत कौर सिद्धू ने सुखबीर बादल के आरोपों का दिया जवाब, कहा- हम मेहनत की कमाई से इज्जत की रोटी खाते हैं
चंडीगढ़, जुलाई 4। पंजाब में बिजली के बकाया बिल को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के निशाने पर आए नवजोत सिंह सिद्धू के बचाव में अब उनकी पत्नी उतर आई हैं। नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी और पूर्व मंत्री नवजोत कौर सिद्धू ने अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल के आरोपों का जवाब दिया है। नवजोत कौर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड कर सुखबीर बादल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हम मेहनत से पैसा कमाकर इज्जत की रोटी खाते हैं, तुम्हारी तरह सरकारी पैसे पर अपना गुजारा नहीं करते।
जांच में जो भी बिल आएंगे, हम उसे भरेंगे- नवजोत कौर
अपने वीडियो में नवजोत कौर सिद्धू ने कहा कि हमारा इश्यू ये था कि हमें सर्दियों और गर्मियों में पावर कंपनी की तरफ से एक सामान बिल मिल रहे थे। इसकी जांच के लिए ही हमने अपील दायर की थी। नवजोत कौर ने कहा कि जांच में जो भी बिल सामने आएगा, उसे हम भरेंगे। नवजोत कौर सिद्धू ने सुखबीर सिंह बादल पर सरकारी खर्च पर इलाज करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा, 'आपके परिवार के लोगों के पास इलाज के लिए पैसे हैं, फिर भी वो सरकारी पैसे से इलाज करवाते हैं, लेकिन हम अपनी यात्रा भी निजी पैसे से करते हैं, हम आपकी तरह नहीं है जो सरकार के पैसे का फायदा उठाते हैं।'

सिद्धू का 8 महीने का बिजली बिल है बकाया- बादल
आपको बता दें कि पंजाब में नवजोत सिंह सिद्धू के बकाया बिजली बिलों को लेकर सियासी घमासान मचा हुआ है। सिद्धू के कथित रूप से बकाया बिलों पर टिप्पणी करते हुए सुखबीर सिंह बादल ने कहा था कि सिद्धू के पिछले आठ महीनों का बिजली बिल बकाया है और ये अमाउंट 8 लाख रुपए के करीब है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमृतसर स्थित सिद्धू के घर का पिछले आठ महीने से बिजली का बिल नहीं भरा गया है। हालांकि इसको लेकर बिजली विभाग की तरफ से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications