Lok Sabha Election: वालंटियर फिर करेंगे कमाल! पंजाब में AAP की ताकत को एकजुट करने में जुटे CM मान
Lok Sabha Election Punjab: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी पूरे देश में 7 अप्रैल को भूख हड़ताल का आयोजन करेगी। इस मौके पर शहीद भगत सिंह के गांव खटकड़ कलां में भी सामूहिक भूख हड़ताल करने की रणनीति तैयार की गई है। इसके साथ ही पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने वालंटियरों को एकजुट करने का मिशन भी शुरू कर दिया है।
दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में पार्टी ने 7 अप्रैल को जो भूख हड़ताल की बड़ी योजना तैयार की है, उसकी अगुवाई खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान करेंगे। इस दिन पूरे राज्य में जिला और तहसील स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

वालंटियर मिलन कार्यक्रम आयोजित कर रही है 'आप'
उससे पहले ही पार्टी ने लोकसभा चुनावों के मद्देनजर अपने वालंटियरों को भी एकजुट करने का बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। शनिवार को इसके लिए जालंधर और मोगा में दो वालंटियर मिलन समारोह आयोजित किए गए हैं।
'आप' की ताकत रहे हैं इसके वालंटियर
बता दें कि 2022 में आम आदमी पार्टी ने पंजाब में अगर 117 में से 92 सीटें जीती थी, तो वालंटियर ही उसके असली ताकत साबित हुए थे।
जानकारी के मुताबिक 6 अप्रैल को पहले मोगा में और फिर जालंधर में मुख्यमंत्री भगवंत मान खुद पार्टी वालंटियरों के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में गांवों के नेताओं को भी शामिल किया जाएगा।
व्यस्त कार्यक्रमों से भी समय निकाल रहे हैं सीएम मान
लोकसभा चुनावों की वजह से सीएम मान का कार्यक्रम बहुत ही व्यस्त हो गया है। लेकिन, वह उसी में से वालंटियर मिलन समारोह के लिए भी समय निकाल रहे हैं। मुख्यमंत्री को हरियाणा और गुजरात के दौरे पर भी जाना है और फिर दिल्ली में भी उनके कार्यक्रम हैं।
हाल में जिस तरह से आम आदमी पार्टी के दो नेता दल छोड़कर गए हैं, सांसद सुशील कुमार रिंकू और एमएलए शीतल अंगुराल, उसके बाद पार्टी को वालंटियर मिलन आयोजित करने की आवश्यकता लग रही है।
क्योंकि, आंदोलन से निकली पार्टी के लिए वालंटियर ही आधार रहे हैं और पार्टी नेतृत्व हर हाल में उन्हें एकजुट रखना चाहता है, जो जमीन पर पार्टी के लिए आंख, कान और हाथ की भूमिका निभाते हैं।
आम आदमी पार्टी वालंटियरों से ही मिलकर बनी हुई पार्टी है और इस वजह से लोकसभा चुनाव में उन्हें एकजुट करके पूरी रणनीति के साथ जीत के मिशन में पार्टी जुटना चाहती है।












Click it and Unblock the Notifications