'15 अगस्त पर फहराया तिरंगा, तो आपकी राजनीतिक मौत होगी', सीएम अमरिंदर को खालिस्तान समर्थक पन्नू ने दी धमकी
पन्नु के टेलिफ़ोनिक मैसेज कहा गया है कि अगर उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण किया तो वह अपनी राजनीतिक मौत के ज़िम्मेदार ख़ुद होंगे।हमारे किसान मर रहे हैं, इस हाल में ध्वजारोहण किसी भी तरह से बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
चंडीगढ़, अगस्त 7, 2021। फोन कॉल पर धमकियों का सिलसिला लगातार जारी है। अब सिख फॉर जस्टिस के गुरपतवंत सिंह पन्नू ने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर को धमकी दी है। पन्नु के टेलिफ़ोनिक मैसेज कहा गया है कि अगर उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण किया तो वह अपनी राजनीतिक मौत के ज़िम्मेदार ख़ुद होंगे। हमारे किसान मर रहे हैं, इस हाल में ध्वजारोहण किसी भी तरह से बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

आपको बता दें कि इससे पहले हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को भी फोन कॉल के ज़रिए धमकी मिली है और उन्हे अनाप शनाप भी बोला गया । वहीं मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को 15 अगस्त को तिरंगा नहीं फहराने देने की चेतावनी भी दी गई है। जिसके बाद से सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। साथ ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियाती क़दम भी उठाए जा रहे हैं। ग़ौरतलब है कि इससे पहले हिमाचल बीजेपी और कांग्रेस के तमाम नेताओं को भी इस तरह की धमकी भरे कॉल आए थे। धमकी भरे कॉल को देखते हुए पुलिस पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और नेताओं की सुरक्षा भी कड़ी कर दी गई है।
खालिस्तान समर्थकों ने हिमाचल प्रदेश को भी अपने निशाने पर लेने की कोशिश की है। हिमाचल प्रदेश के कई पत्रकारों और रसूखदारों को अमेरिका और कनाडा के नंबरों से फोन कॉल कर धमकी दी जा रही है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को 15 अगस्त को झंडा नहीं फहराने देंगे। फोन कॉल की जानकारी मिलने के बाद हिमाचल प्रदेश पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं हैं। डीजीपी संजय कुंडू ने केंद्रीय एजेंसियों के हिमाचल के अधिकारियों के साथ एक बैठक कर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की सुरक्षा को एक स्तर और बढ़ा दिया है। इसके साथ ही साइबर क्राइम पुलिस को मामले की जांच भी दे दी है।
डीजीपी संजय कुंडू ने सभी जिलों के एसपी को संवेदनशील क्षेत्रों और प्रोजेक्टों की सुरक्षा बढ़ा दी है। साथ ही प्रदेश में आने वाले हर वाहन की चेकिंग भी तेज़ कर दी है। इसके साथ-साथ सीमांत इलाकों में पुलिस टीमें गश्त भी कर रही है। डीजीपी संजय कुंडू ने सीमांत जिलों के एसपी को पड़ोसी राज्यों के सीमांत जिलों के पुलिस अधिकारियों से इस संबंध में सामंजस्य बैठाने के निर्देश भी दिए हैं। 15 अगस्त तक प्रदेश में सुरक्षा सतर्क रहेगी।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने साफ कर दिया है कि वह हर हाल में झंडा निर्धारित जगह पर ही फहराएंगे। वायरल हो रहे संदेश का एजेंसी जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों पर सख्त से सख़्त कार्रवाई की जाएगी। आपको बता दें कि कुछ दिन पहले ही कुछ शरारती तत्वों ने पंजाब के करीब हिमाचल के नयनादेवी के मिल के पत्थरो में लिख दिया था कि इस जगह से खालिस्तान की हद शुरू होती है। इस मामले की जांच भी हिमाचल प्रदेश की पुलिस कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications